लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव की घोषणा के बाद बीजेपी के मंत्रियो को एक के बाद एक अपने खेमे में ला रही समाजवादी पार्टी (सपा) को करारा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बुधवार को भाजपा में शामिल हो रहीं हैं। इसके लिए वह देर शाम लखनऊ से दिल्ली निकल गईं हैं। हालांकि, अभी इस बारे में न तो अपर्णा और न ही भाजपा ने किसी भी तरह की ऑफिशियल पुष्टि की है।
लेकिन भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अपर्णा बुधवार सुबह 10 बजे दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता लेंगी। दो दिन पहले भी अपर्णा के भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। सियासी जानकारों ने बताया कि अपर्णा लखनऊ कैंट सीट से सपा का टिकट चाहती हैं। यह सीट बेहद सेफ है। हालांकि, सपा सुप्रीमो और अपर्णा के जेठ अखिलेश यादव उन्हें इस सीट से टिकट देने के लिए अब तक तैयार नहीं हुए हैं। इसी कारण वह भाजपा में जा रही हैं। याद दिलाना जरूरी है कि अपर्णा, प्रतीक यादव की पत्नी हैं। प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे हैं। अपर्णा लखनऊ कैंट विधानसभा से सपा के टिकट पर 2017 में विधानसभा चुनाव हार चुकी हैं। चुनाव हारने के बाद भी अपर्णा यादव लखनऊ कैंट क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। उनकी पहचान एक सामाजिक कार्यकर्ता की भी है।
