नई दिल्ली: केंद्र की ओर से दिल्ली सरकार की ‘घर-घर राशन योजना’ (Doorstep Delivery Of Ration Scheme)पर रोक लगाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि ये योजना लागू करने की पूरी तैयारी हो चुकी थी तो फिर आपने दो दिन पहले क्यों रोक लगा दी? केजरीवाल ने कहा कि आपने हमारी योजना ये कहकर खारिज कर दी कि हमने केंद्र से मंजूरी नहीं ली थी, लेकिन हमने केंद्र से इस योजना के लिए 5 बार मंजूरी ली है।
कानूनी तौर पर हमें केंद्र की मंजूरी की जरूरत नहीं है, लेकिन हमने शिष्टाचार के चलते ऐसा किया। राशन की होम डिलीवरी क्यों नहीं होनी चाहिए? आप राशन माफिया के साथ खड़े होंगे तो गरीबों के साथ कौन खड़ा होगा? उन 70 लाख गरीबों का क्या होगा जिनका राशन ये राशन माफिया चोरी कर लेते हैं।
राशन माफिया बहुत ताकतवर
केजरीवाल ने कहा कि राशन माफिया बहुत ताकतवर हैं। बीते 75 साल से इस देश की जनता राशन माफिया का शिकार होती आई है। उसके बाद भी राशन चोरी हो जाता है। 17 साल पहले मैंने इस राशन माफिया के खिलाफ आवाज उठाई थी, हम पर 7 बार खतरनाक हमले हुए, तब मैंने कसम खाई थी कि कभी ना कभी इस सिस्टम को ठीक जरूर करूंगा। इसलिए हम घर-घर राशन पहुंचाने की योजना लेकर आए।
पिज्जा की होम डिलीवरी तो राशन की क्यों नहीं?
उन्होंने आगे कहा, “इस देश में अगर स्मार्टफोन, पिज्जा की डिलीवरी हो सकती है तो राशन की क्यों नहीं? आपको राशन माफिया से क्या हमदर्दी है प्रधानमंत्री सर? उन गरीबों की कौन सुनेगा? केंद्र ने कोर्ट में हमारी योजना के खिलाफ आपत्ति नही की तो अब खारिज़ क्यों किया जा रहा है? कई गरीब लोगों की नौकरी जा चुकी है. लोग बाहर नही जाना चाहते इसलिए हम घर-घर राशन भेजना चाहते हैं.”
आप हम सबसे क्यों लड़ रहे है?
केजरीवाल ने कहा कि मुसीबत के समय भी केंद्र सरकार सबसे लड़ रही है। पश्चिम बंगाल में ममता दीदी से लड़ रही है। झारखंड सरकार से लड़ रही है। महाराष्ट्र सरकार से भी लड़ रही है। आप लक्षद्वीप के लोगों से झगड़ रहे हैं। दिल्ली सरकार से लड़ रही है,लेकिन यह समय लड़ने का नहीं मिलकर काम करने का है। केजरीवाल ने कहा कि मैं इस योजना का सारा क्रेडिट केंद्र सरकार को देने के लिए तैयार हूं, मगर योजना को ना रोका जाए। मैंने जनहित के कामों में हमेशा सरकार का साथ दिया है, इसलिए मेरी प्रधानमंत्री जी से अपील है कि दिल्ली में गरीबों के लिए शुरू होने वाली घर-घर राशन योजना को कृपया मत रोकिए।
BJP ने दिल्ली सरकार के आरोपों को आधारहीन बताया
बीजेपी प्रवक्ता हरीश खुराना ने ट्वीट कर केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “आपको समझना पड़ेगा सरकार तो संविधान और कानून के हिसाब से चलेगी। NFSA एक्ट का सेक्शन 12(2) कहता है कि केंद्र का अप्रूवल जरूरी है कोई नई स्कीम शुरू करने के लिए, दूसरा ये कि कोर्ट का स्टे है इस स्कीम को लागू करने के लिए। ”
उन्होंने आगे कहा, “आप कानून के हिसाब से केंद्र से परमिशन क्यों नहीं ले रहे हैं? केजरीवाल जी आप कानून से ऊपर तो नहीं हो गए। उल्टा केंद्र तो आपको पूरी मदद करने को तैयार है और ज़्यादा राशन देने को तैयार है। वैसे आपको 7 साल लग गए राशन माफिया खत्म करने के लिए, राजनीति मत करो केजरीवाल और कानून के हिसाब से काम करो। “
