जयपुर : दिव्यांगों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध जयपुर फुट अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली तक का सफर भी तय करने वाला है। वडनगर से शुरुआत के साथ ही देश के कोने-कोने में प्रत्येक दिव्यांग तक उसके घर तक पहुंचने के लिए जयपुर फुट यूएसए ने अनूठी पहल की है। इस पहल के तहत एक मोबाइल वैन तैयार की गई है। इसी वैन के जरिए ‘जयपुर फुट यूएसए दिव्यांगों के द्वार’ कैंपेन चलाया जाएगा। इसका वर्चुअल उद्घाटन 14 सितंबर को को शाम 7:30 बजे पीएम मोदी के योग कंसल्टेंट एवं एस व्यासा यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. एचआर नागेंद्र एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति-जयपुर फुट के फाउंडर पद्मविभूषण डीआर मेहता करेंगे। इसके बाद ही यह वैन गुजरात के मेहसाणा स्थित मोदी की जन्मस्थली वडनगर के लिए रवाना होगी।
दिव्यागों को लगाए जाएंगे जयपुर फुट
वहां इसी मोबाइल वैन से 17 सितंबर को दिव्यागों को जयपुर फुट लगाए जाएंगे। जयपुर फुट यूएसए दिव्यांगों के द्वार कैंपेन के तहत ही यह मोबाइल वैन वडनगर के आसपास के गांवों में दिव्यांगों के घर तक पहुंचेगी और वहां उनके जयपुर फुट लगाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर वडनगर के जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में एक ऑपचारिक कार्यक्रम कर जयपुर फुट लगाने का सिलसिला शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद यह मोबाइल वैन जोधपुर जाएगी। यहां जोधपुर संभाग में दिव्यांगों के घरों पर जाकर कृत्रिम पांव लगाने का काम करेगी। जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए कोडियार एजूकेशन ट्रस्ट मेहसाणा के विष्णु भाई चौधरी, जीएमईआरएस मेडिल कॉलेज के डीन डॉ. हिमांशु जोशी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मुकेश दिनकर, एडीशनल डीन डॉ. सुनील ओझा का सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
