नई दिल्ली : बीजिंग में 4 फरवरी से शुरू हो रहे विंटर ओलिंपिक गेम्स की ओपनिंग और क्लोजिंग सेरेमनी में कोई भारतीय अधिकारी शामिल नहीं होगा। चीन की कम्युनिस्ट सरकार ने गलवान वैली में भारतीय सैनिकों के साथ हुई झड़प में घायल अपने एक सैनिक को ओलिंपिक टॉर्च बेयरर बनाया है। भारत ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए गेम्स का डिप्लोमैटिक बायकॉट करने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा- यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चीन खेल में राजनीति को ला रहा है। चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने बुधवार को इसका खुलासा किया, जिसके बाद भारत ने ड्रैगन की इस हरकत पर नाराजगी जताई और शीतकालीन ओलंपिक के ‘सांकेतिक’ राजनयिक बहिष्कार का एलान कर दिया।

उधर इजरायल से पेगासस की खरीद को लेकर पूछे गए एक सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एक समिति कर रही है। हमारे पास इस पर कोई जानकारी नहीं है। 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान 7 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनका विवरण सार्वजनिक है।
