किसानो ने काले झंडे दिखा किया भाजपा सांसद जांगड़ा का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

जांगड़ा

हिसार : भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का शुक्रवार को हिसार में भारी विरोध हुआ। वे नारनौंद में विश्वकर्मा समाज की धर्मशाला का शिलान्यास करने पहुंचे थे। विरोध के चलते जांगड़ा की गाड़ी का अगला शीशा टूट गया। विरोध कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है। इस लाठीचार्ज में कई किसान घायल हुए हैं और कई किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

किसानो को लेकर आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग से नाराज थे किसान

सांसद जांगड़ा की सुरक्षा के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। खबर के मुताबिक कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। किसानों ने सांसद जांगड़ा को काले झंडे दिखाने की भी कोशिश की। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह सांसद जांगड़ा को सुरक्षित बाहर निकाला और दूसरे रास्ते से निकालकर कार्यक्रम स्थल तक ले गए। दरअसल कुछ दिन पहले सांसद ने किसानों के लिए कुछ ऐसे शब्द कहे थे जिसे लेकर किसानों में भारी रोष था। किसान इस बात की मांग कर रहे थे कि रामचंद्र जांगड़ा को बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

पहले भी भाजपा नेताओं का हुआ है विरोध

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही इसी तरह का सामना भाजपा के अन्य नेताओं को भी करना पड़ता था। कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी और परिवहन मंत्री मूल चन्द शर्मा को किसानों के विरोध के कारण अपना कार्यक्रम छोड़ना पड़ा था। इसी तरह पंजाब में भी किसानों ने भाजपा नेता की गाड़ी पर हमला कर नेताजी का कुर्ता तक फाड़ दिया था। यूपी में भी किसानों ने भाजपा नेताओं का विरोध करने का पहले से ही फैसला ले रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *