नई दिल्ली। वैक्सीनेशन के लिए सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनमें सीनियर सिटिजंस और दिव्यांगों के लिए सहूलियत दी गई है। कोविड वैक्सीनेशन के लिए बने एक्सपर्ट ग्रुप ने केंद्र को जो सिफारिश भेजी थी कि 60 से ऊपर आयु वाले, बीमारी से परेशान और दिव्यांग लोगों को घर के पास वैक्सीन लगाई जाए ताकि उन्हें दूर न जाना पड़े। सरकार ने इस रिकमंडेशन को मंजूर कर लिया है।
पीआईबी की जारी विज्ञप्ति के अनुसार घर के पास कोविड टीकाकरण के केन्द्र नीचे दी गई पात्र आबादी के लिए विशेष रूप से बनाए जाएंगे, जबकि अन्य सभी आयु वर्गों के लिए टीकाकरण मौजूदा सीवीसी में जारी रहेगा। नई गाइड लाइन के अनुसार कोई टीका नहीं या टीके की पहली खुराक लेने वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी नागरिक इसमें कवर होंगे। इसी प्रकार शारीरिक या स्वास्थ्य की वजहों से दिव्यांगता के शिकार 60 वर्ष से कम उम्र के सभी नागरिकों भी घर के पास टीकाकरण की सुविधा को कहा गया हैं।
ये है दिशानिर्देश
ऐसे लोगों के वैक्सीनेशन के लिए घरों के पास नॉन-हेल्थ फैसिलिटी में भी वैक्सिनेशन की व्यवस्था की जाए। ये सेंटर्स कम्युनिटी एरिया, पंचायत घर, स्कूलों और ओल्ड एज होम में बनाए जा सकते हैं। इस वैक्सीनेशन ड्राइव के दौरान वैक्सीन का कम से कम वेस्टेज हो। इसके साथ स्वास्थ्य केंद्रों और कोविड वैक्सीन सेंटर्स जैसी जगहों पर पहले से चल रहे वैक्सीनेशन पर असर ना पड़े।
इन टीकाकरण के लिए एक कमरा, लक्षित समूह के लिए उपयुक्त पहुंच, जैसेकि व्हील चेयर से पहुंचने के लिए रैंप, से लैस प्रतीक्षा का कमरा और टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक प्रतीक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी का कमरा (ऑब्जर्वेशन रूम) होना चाहिए। इसके लिए पहले से स्थान तय करना होगा ताकि सेंटर की लोकेशन आसानी से पता चल सके। इसमें किसी प्रकार का बदलाव जरूरत के हिसाब से किया जा सकेगा।
