नई दिल्ली : बिहार की राजनीति में एकाएक हलचल बढ़ने लगी है। लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) में टूट हो गई है। पहले रामविलास पासवान के भाई पशुपति पारस ने पांच सांसदों के साथ मिलकर पार्टी पर अपना दावा ठोका, बाद में चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से हटा दिया। फिर चिराग पासवान ने एक्शन लिया और पांचों सांसदों को पार्टी से निकाल दिया।
बुधवार को भी इस मसले पर घमासान जारी रहा, पहले चिराग पासवान को दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करनी थी, लेकिन अंतिम वक्त में इसे रद्द कर दिया गया। अब देखना होगा कि चिराग पासवान का अगला कदम क्या रहता है।
पशुपति पारस के घर के बाहर प्रदर्शन, आज पहुंचेंगे पटना
लोजपा में जारी घमासान अब बढ़ता जा रहा है, बुधवार को दिल्ली में पशुपति पारस के आवास के बाहर चिराग पासवान के समर्थकों ने प्रदर्शन किया गया। पार्टी दो गुटों में बंटती हुई दिख रही है। हालांकि, पशुपति पारस का कहना है कि लोकतंत्र में इस तरह के प्रदर्शन होते रहते हैं।
एक ओर दिल्ली में घमासान है, तो दूसरी ओर पशुपति पारस पटना पहुंच रहे हैं। पार्टी में टूट के बाद पहली बार पशुपति पारस पटना में होंगे। पशुपति पारस पहले ही कह चुके हैं कि अब चिराग को किसी को पार्टी से निकालने का अधिकार नहीं हैं। लोकसभा में वो पहले ही पार्टी के सदन के नेता का हक़ खो चुके हैं।
