नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार रात शुरू हुई बारिश (Delhi Rainfall) ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां 46 साल बाद इतनी बारिश हुई है। मोतीबाग, आरके पुरम सहित दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है और यहां से आने-जाने वालें लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट परिसर में भी बारिश (Delhi Rainfall) का पानी भर गया। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एयरपोर्ट परिसर के अलावा रनवे पर भी पानी भर गया है और पार्किंग क्षेत्र में खड़े प्लेन्स के पहिए उसमें डूबे नजर आ रहे हैं।
मशीनों से निकाला जा रहा पानी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि एक इंटरनेशनल और 4 घरेलू फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली पब्लिक वर्क डिपार्टमेंट (PWD) के अधिकारियों का कहना है कि जिन इलाकों में पानी भरने की समस्या सामने आई है, वहां मशीनों के जरिए पानी निकाला जा रहा है।
18 साल का रिकॉर्ड टूटा
दिल्ली में एक तरफ बारिश (Delhi Rainfall) ने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया तो दूसरी तरफ 46 साल में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड भी बना लिया। यहां 1 जून से मानसून शुरू होता है। बरसात के पूरे सीजन में औसतन 649.8 मिमी बारिश होती है। 1 जून से 10 सितंबर तक की करें तो औसतन 586.4 मिमी बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 10 सितंबर को 1005.3 पर पहुंच गया।
इन इलाकों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जो दिल्ली NCR के बहादुरगढ़, गुरुग्राम, लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, चरखी दादरी, मट्टनहेल, सोनीपत, रोहतक, मोदिनगर, हापुर, बागपत इलाकों के लिए है।

