Headlines

दिल्ली : अगस्त में एक दिन की बारिश ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड, ऑरेंज अलर्ट जारी

नई दिल्ली : भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि दिल्ली में 139 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो गत 13 साल में अगस्त महीने में 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बारिश है। आईएमडी ने इसके साथ ही शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की गई जिससे पारा लुढ़क गया और दिल्ली वालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के लिए मानक माने जाने वाले सफरदजंग वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट से लेकर शनिवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट (24 घंटे की अविध) के बीच 139 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि रिज केंद्र में 149.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

1961 में दर्ज हुई थी एक दिन में 184 मिमी बारिश

उन्होंने बताया कि 13 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब अगस्त महीने में एक दिन में इतनी बारिश दर्ज की गई है। अब तक दिल्ली में अगस्त महीने के दौरान एक दिन में सबसे अधिक बारिश होने का रिकॉर्ड 184 मिमी है जो दो अगस्त 1961 को दर्ज की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि बारिश की वजह से दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम, 23.8 डिग्री दर्ज किया गया।

दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत है। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि शनिवार दिन में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट, जबकि रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *