नई दिल्ली : पिछले 24 घंटे के अंदर यूक्रेन पर रूस के हमले का खतरा कम जरूर हुई है, लेकिन युद्ध के आसार अभी भी टले नहीं हैं। इस बीच भारत इन खतरों को देखते हुए यूक्रेन से अपने नागरिकों को निकालने की योजना तय करने में लगा है। सामने आया है कि केंद्र सरकार ने यूक्रेन में रह रहे अपने लोगों को निकालने के लिए कई एयरलाइन कंपनियों से बातचीत शुरू की है। छात्रों की गुहार सुनते हुए भारत सरकार ने उनकी सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने विदेश मंत्रालय के साथ ही यूक्रेन में मौजूद भारतीय दूतावास में भी स्पेशल कंट्रोल रूम बना दिए हैं, जो यूक्रेन में मौजूद भारतीय नागरिकों की हर समस्या सुलझाने में मदद करेंगे। साथ ही सरकार ने दोनों देशों के बीच ज्यादा से ज्यादा फ्लाइट्स का इंतजाम करने का भी आश्वासन दिया है।
छात्रों के लिए बनाया कंट्रोल रूम
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि यूक्रेन में मौजूदा स्थिति को देखते हुए हम वहां मौजूद अपने छात्रों को जल्द से जल्द वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में हमने एक कंट्रोल रूम बनाया है। छात्र 1800118797 टोल फ्री नंबर और +91-11-23012113,+91-11-23014104, +91-11-23017905 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही छात्र +91-11-23088124 पर फैक्स या situationroom@mea.gov.in पर मेल भी कर सकते हैं।


