Headlines

हरियाणा से बिहार जा रही बस का UP में एक्सीडेंट, हादसे में 19 मजदूरों की मौत

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश (UP) के बाराबंकी में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी स्लीपर कोच बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार और उसके नीचे सो रहे एक महिला समेत 19 यात्रियों की मौत हो गई। 23 से ज्यादा घायल हैं। 10 की हालत नाजुक है, जिन्हें ट्रोमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ भी सकती है। हादसे के बाद बाराबंकी प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर जारी किया है। पीड़ित परिवार और रिश्तेदार- 9454417464 पर संपर्क कर सकते हैं।

ओवरलोड होने से बस का एक्सल टूटा

हादसा बाराबंकी के रामसनेही घाट थाना क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 130 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि हिसार में खराब हुई एक दूसरी बस के यात्री भी इसी में सवार हो गए थे। ओवरलोड होने की वजह से बस का एक्सल टूट गया। इसे ठीक करने के लिए ड्राइवर ने बस को हाईवे पर कल्याणी नदी के पुल पर खड़ा कर दिया था। यात्रियों को नींद आ रही थी इसलिए वे बस के नीचे और उसके आसपास लेट गए। रात 11:30 बजे लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

बारिश से रेस्क्यू में दिक्कत

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और रेस्क्यू शुरू कर दिया। घायलों को रामसनेहीघाट CHC ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल और लखनऊ ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हादसे के शिकार लोगों ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री बिहार के सीतामढ़ी, सुपौल सहित अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। ये सभी मजदूर थे, जो धान की रोपाई के लिए अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे।

प्रधानमंत्री ने CM योगी से की बात, आर्थिक मदद का ऐलान

बाराबंकी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर जानकारी ली। PM ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, UP CM योगी ने सभी घायलों के मुफ्त इलाज करने के निर्देश दिए हैं। बाराबंकी के DM और SP घायलों को उनके घर तक भेजने का इंतजाम करेंगे।

हादसे का शुरुआती कारण लो-विजिबलिटी-ADG

लखनऊ जोन के ADG एसएन साबत भी बाराबंकी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि बस करीब 4 घंटे से पुल पर खड़ी हुई थी। शुरुआती जांच में हादसे का कारण लो विजिबिलिटी लग रहा है। फिलहाल, जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *