Headlines

मशहूर हार्ट स्पेशलिस्ट Dr K.K Aggarwal का कोरोना से निधन

impact voice news

नई दिल्ली: पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ केके अग्रवाल(Dr K.K Aggarwal) का सोमवार को नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कोविड के साथ लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। वह 62 साल के थे। पिछले कई दिनों से एम्स में भर्ती थे। उन्हें एक सप्ताह से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

डॉ. के के अग्रवाल ने खुद ही कुछ दिनों पहले अपने ट्विटर के माध्यम से जानकारी दी थी कि वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उनका निधन चिकित्सा जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पिछले एक साल से, वह कोविड महामारी पर वीडियो पोस्ट कर रहे थे और बीमारी के विभिन्न पहलुओं और इसके प्रबंधन के बारे में बात कर रहे थे।

अग्रवाल एक हृदय रोग विशेषज्ञ और हार्ट केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रमुख भी थे। उन्हें 2005 में डॉ बीसी रॉय पुरस्कार और 2010 में पद्मश्री मिला था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली में की और नागपुर विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी।

ट्विटर से ही मिली निधन की जानकारी

डॉ. के के अग्रवाल(Dr K.K Aggarwal) के निधन की जानकारी उनके ट्विटर हैंडल से ही साझा की गई। उनके ट्विटर हैंडल पर किए गए ट्वीट में लिखा गया, ‘काफी दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि डॉ. केके अग्रवाल का 17 मई की रात 11.30 बजे के करीब कोरोना से लंबी लड़ाई लड़ते हुए निधन हो गया।

हजारों लोगों की मदद, कई मरीजों का मुफ्त इलाज

डॉ. के के अग्रवाल अपने प्रोफेशन की वजह से तो मशहूर थे ही। साथ ही वह अपनी नेकदिली के लिए भी जाने जाते थे। कोरोना काल के दौरान उनकी नेकदिली सबने देखी। उन्होंने हजारों लोगों की संकट के दौरान मदद की। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का उन्होंने मुफ्त इलाज किया। कोरोना संकट काल में वह एक वॉरियर्स के तौर पर हमेशा डटे रहे, लेकिन दुखद है कि उसी कोरोना से वह जिंदगी की जंग हार गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *