नई दिल्ली : तालिबान के लड़ाके अफगानिस्तान पर तेजी से कब्जा जमाते जा रहे हैं। ज्यादातर हिस्से तालिबान के कब्जे में हैं और अब राजधानी काबुल से सिर्फ कुछ ही किलोमीटर दूर हैं। इस बीच, तालिबान ने जो नया दावा किया है, वह दुनियाभर को और चिंता में डालने वाला है। तालिबान ने बताया है कि उसने सलमा डैम पर भी कब्जा जमा लिया है। तालिबान अब तक अफगानिस्तान के 12 से ज्यादा प्रांतों पर कब्जा जमा चुका है। अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में आने वाले सलमा डैम को भारत-अफगान फ्रेंडशिप डैम के रूप में भी पहचाना जाता है। तालिबान के प्रवक्ता ने इस डैम पर कब्जा करने की पुष्टि की है। डैम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है, जब तालिबान ने सलमा डैम को निशाने पर लिया हो। इससे पहले चार अगस्त को तालिबान ने इस डैम पर हमला किया था। हालांकि, उस दौरान अफगानिस्तान सरकार के ताकतवर होने की वजह से हमले की कोशिश नाकाम कर दी गई थी। इससे तालिबान को करारा झटका लगा था, लेकिन अब तालिबान ने सलमा डैम को अपने कब्जे में ले लिया है।
