नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के नए अध्यक्ष होंगे। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय नियुक्ति समिति ने सोमवार को मिश्रा की नियुक्ति पर मुहर लगा दी। महेश मित्तल कुमार और डाॅ. राजीव जैन आयोग के सदस्य होंगे। इनके मनोनयन की शीघ्र आधिकारिक घोषणा हो जाएगी।
मानवाधिकार आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मनोनीत होने वाले अरुण कुमार मिश्रा मूलतः ग्वालियर के रहने वाले हैं। एक वकील से सुप्रीम कोर्ट जज तक का सफर तय करने वाले मिश्रा राजस्थान हाईकोर्ट व कोलकाता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी रहे हैं। इनके पिता स्व. हरगोबिंद मिश्रा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस रहे थे ।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष पद छह माह से खाली था
जस्टिस एचएल दत्तू के पिछले साल दिसंबर में रिटायर होने के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष पद बीते छह माह से खाली था। इसीलिए आयोग के पूर्णकालिक अध्यक्ष और दो सदस्यों के चयन के लिए पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय पैनल की सोमवार को बैठक हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा में नेता विपक्ष खड़गे और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नरायण सिंह शामिल थे।
