अहमदाबाद : पांच में से चार राज्यों में प्रचंड जीत के एक दिन बाद ही पीएम नरेंद्र मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लग गए हैं। यूपी, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड के चुनाव परिणाम जारी होने के अगले ही दिन पीएम मोदी गुजरात पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 और 12 मार्च को गुजरात का दो दिवसीय दौरा चल रहा है। एयरपोर्ट 9 किमी लंबे रोड शो के बाद पीएम मोदी BJP ऑफिस कमलम में मीटिंग के लिए पहुंच गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता पहली बार केसरिया टोपी पहने नजर आ रहे हैं। खुद पीएम मोदी भी यही टोपी पहने हैं, जिसमें कमल और गुजराती में BJP लिखा हुआ है।
मोदी के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर 50 मंच बनाए गए है, जिसमें 4 लाख लोग जुटे हैं। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी 12 साल तक गुजरात के CM रहे हैं।
रोड शो में लगे नारे
पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचकर रोड शो कर रहे हैं। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लाखों लोग इकट्ठा हो गए। रोड शो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चार राज्यों में प्रचंड जीत का जश्न मनाया। जय श्री राम और भारत माता जय के नारे गूंज उठे। पीएम मोदी रोड शो में आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
सरपंच सम्मेलन में डेढ़ लाख लोग होंगे शामिल
‘कमलम’ में प्रधानमंत्री गुजरात के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम को सरपंच सम्मेलन में मौजूद रहेंगे, जिसमें करीब 1.50 लाख लोग शामिल होंगे। कोरोना काल के बाद यह पहला मौका है, जब मोदी गुजरात में किसी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। 4 राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा की जीत के बाद गुजरात में बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर दिखाई दे रहा है।
