Headlines

यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा जयपुर दौरे पर, कांग्रेस सरकार और प्रियंका पर साधा निशाना

दिनेश

जयपुर : उत्तरप्रदेश में अंतिम चरण का मतदान खत्म होने के बाद जयपुर में यूपी के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर झूठे वादे करने के आरोप लगाए। महिला दिवस पर लखनऊ में होने जा रहे प्रियंका के महिला मार्च को लेकर शर्मा ने कहा कि प्रियंका पहले राजस्थान के अलवर की उस दलित और मूक-बधिर को न्याय दिलाएं, जिसके साथ अत्याचार हुआ। वो उस बच्ची से मिलने तक नहीं गईं। जबकि यूपी में छोटी सी घटना भी घटती है, तो वह धरने पर बैठ जाती हैं। राजस्थान में उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया। प्रियंका को राजस्थान के बजट की जानकारी नहीं है। अगर उन्हें राजस्थान की गतिविधियों की जानकारी होती तो संकल्प पत्र में जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा किया जाता।

कर्जमाफी और बेरोजगारी भत्ते का इंतजार

दिनेश शर्मा ने कहा जो झूठे वादे करने वाले लोग हैं, जनता उनसे सवाल जरूर पूछती है। उत्तरप्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि हम सरकार में आते ही किसानों का लोन माफ कर देंगे। वहां 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफी का काम हमने अपनी पहली ही बैठक में कर दिया। लेकिन राजस्थान में तो कुछ ही किसानों का लोन माफ हुआ है। यहां का किसान अब तक कर्जमाफी का इंतजार कर रहा है। नौजवान 3500 रुपए बेरोजगारी भत्ते का इंतजार कर रहा है। इसलिए झूठे वादे करने वाली पार्टी के लोगों से किसी तरह के और चमत्कार की अपेक्षा नहीं की जा सकती है।

मोदी और योगी पर जनता का विश्वास

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा उत्तरप्रदेश में जनता ने छप्पर फाड़कर बीजेपी को वोट दिया है। मोदी और योगी पर विश्वास किया है। जनता ने योगी और बीजेपी को पूरा आशीर्वाद दिया है। सीटों का सर्वे अब आने ही वाला है। बीजेपी की सीटों का अच्छा खासा रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा चुनाव में पिछली बार की तरह प्रदर्शन रहा है। बीजेपी की सीटें पिछली बार के आसपास भी रह सकती है या बढ़ भी सकती है। यूपी में ब्यूरोक्रेसी के सपा की ओर पलटी मारने को दिनेश शर्मा ने अफवाह बताया। उन्होंने कहा अफवाहों का यूपी में कोई स्थान नहीं है। योगी का कुशल शासन वहां और तेजी पकड़ेगा। क्योंकि उन्होंने गुंडाराज और माफियाराज खत्म किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *