Headlines

‘कवच’ ने रोक दी दो ट्रेनों की टक्कर, ट्रेन के इंजन में सवार थे रेल मंत्री

'कवच' ने रोक दी दो ट्रेनों की टक्कर, ट्रेन के इंजन में सवार थे रेल मंत्री

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। रेलवे ने आज कवच सुरक्षा तकनीक (Kavach Technique) का सफल परीक्षण किया। दो ट्रेनों को आमने-सामने चलाया गया, जिसमें एक ट्रेन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद थे, तो दूसरी ट्रेन में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस परीक्षण के कई वीडियोज ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किए हैं।

जिस ट्रेन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सवार थे, वह ट्रेन सामने से आ रही ट्रेन से 380 मीटर पहले ही रुक गई। कवच सुरक्षा तकनीक की वजह से ही ट्रेन में अपने आप ब्रेक लग गए। रेल मंत्री द्वारा एक मिनट का वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें लोको पायलट वाले केबिन में रेल मंत्री समेत अन्य अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, ”रियर-एंड टक्कर परीक्षण सफल रहा है। कवच ने अन्य लोको से 380 मीटर पहले लोको को स्वचालित रूप से रोक दिया। ”

बता दें कि भारतीय रेलवे लगातार कवच तकनीक पर काम कर रही थी, जिसके तहत वह भविष्य में जीरो एक्सीडेंट के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। इसी के तहत शुक्रवार को ट्रेन टक्कर सुरक्षा प्रणाली कवच (Kavach) का परीक्षण किया गया।

जानिए क्या है कवच
ट्रेन टक्कर सुरक्षा प्रणाली में दो ट्रेन अगर विपरीत दिशा से एक-दूसरे की तरफ आ रही हैं, फिर चाहे उनकी गति कितनी भी हो लेकिन ‘कवच’ के कारण ये दोनों ट्रेन टकराएंगी नहीं। यह तकनीक ओवर स्पीडिंग को रोकने के लिए स्वत: ब्रेक लगाने के लिए है। वहीं, जब फाटकों के पास ट्रेन पहुंचेगी तो अपने आप सीटी बज जाएगी। कवच तकनीक लगे दो इंजनों में यह तकनीक टक्कर नहीं होने देगी। साथ ही, आपात स्थितियों के दौरान एसओएस मैसेज भेजेगी। नेटवर्क मॉनिटर प्रणाली के माध्यम से गाड़ी संचलन करना भी इसमें शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *