जयपुर: मानसरोवर के एक मेडिकल स्टोर पर जांच नहीं करने की एवज में रिश्वत लेने वाली ड्रग इंस्पेक्टर सिंधु कुमारी को एसीबी ने गिरफ्तार किया है। सिंधु कुमारी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। ड्रग इंस्पेक्टर को जब एसीबी ने पकड़ा तो वह बोली- सर आप को तो पता है, पैसा ऊपर तक देना पड़ता है, नहीं तो अधिकारी बीकानेर तबादला कर देते हैं।
दरअसल, परिवादी एसीबी मुख्यालय लगभग 10 दिन पहले आया था। उसने एसीबी को बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर जबरन 10 हजार रुपए मांग रही है। जब परिवादी बोला मैडम रेट 5 हजार रुपए का है तो सिंधु बोली तेरी दुकान अच्छी चलती है। तुझसे 10 हजार रुपए ही लूंगी। परिवादी 5 हजार रुपए पहले दे चुका था।
इसके बाद सिंधु उसे बार-बार 5 हजार रुपए के लिए परेशान कर रही थी। एसीबी में शिकायत के बाद परिवादी को आज 5 हजार रुपए लेकर बीटू बाईपास पर एक रेस्त्रां में आने के लिए कहा। इस पर पहले से एसीबी टीम मौजूद थी। टीम ने पैसा लेते ही सिंधु को गिरफ्तार कर लिया।
जाँच में सामने आया कि तीन-तीन माह में ड्रग इंस्पेक्टर इन मेडिकल स्टोर की जांच करते हैं। हर मेडिकल स्टोर जांच नहीं करने की एवज में तीन माह में 5 हजार रुपए की वसूली की जा रही थी।
