नई दिल्ली : रूस का यूक्रेन पर हमले के बीच ऑपरेशन गंगा के तहत फंसे भारतीयों को वापस लाने का मिशन भी जारी है। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम हाई लेवल मीटिंग की। यूक्रेन मामले में यह दो दिनों में चौथी मीटिंग थी। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बताया कि पीएम मोदी ने यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए 3 दिनों में 26 फ्लाइट्स भेजने का फैसला किया है। भारतीयों को एयरलिफ्ट करने के लिए बुखारेस्ट और बुडापेस्ट के अलावा पोलैंड और स्लोवाक के एयरपोर्ट का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
श्रृंगला ने बताया कि पीएम मोदी ने युक्रेन में भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत पर दुख व्यक्त किया है। नवीन शेखरप्पा की बॉडी वापस लाने के लिए भारत यूक्रेन के लोकल अथॉरिटी के संपर्क में हैं। श्रृंगला ने आगे बताया कि हमारे सभी नागरिकों ने कीव छोड़ दिया है, हमारे पास जो जानकारी है उसके मुताबिक कीव में हमारे और नागरिक नहीं हैं, वहां से हमें किसी ने संपर्क नहीं किया है। हमने जब अपनी पहली एडवाइजरी जारी की थी उस समय यूक्रेन में लगभग 20,000 भारतीय छात्र थे, तब से लगभग 12,000 छात्र यूक्रेन छोड़ चुके हैं। बाकी बचे 40% छात्रों में से लगभग आधे संघर्ष क्षेत्र में हैं और आधे यूक्रेन के पश्चिमी बॉर्डर पर पहुंच गए हैं या उसकी तरफ बढ़ रहे हैं।
यूक्रेन में फंसे 218 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया का 8वां विमान हंगरी के बुडापेस्ट से नई दिल्ली पहुंचा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने यात्रियों को रिसीव किया। इससे पहले एअर इंडिया की 7वीं फ्लाइट 182 भारतीयों को लेकर मुंबई पहुंची थी। ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 8 फ्लाइट्स से कुल 1,836 भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है।
