जयपुर : प्रदेशभर के भर्ती सिलेबस में हुए बदलाव के बाद अभ्यर्थी RAS मुख्य परीक्षा की तारीख 25 और 26 फरवरी से आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। वही RPSC द्वारा पूर्व निर्धारित तारीख पर ही भर्ती परीक्षा कराने का फैसला किया गया है। जिसको लेकर अब प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। RAS अभ्यर्थियों के समर्थन में अब पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा समेत विपक्ष और सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि भी सरकार से भर्ती परीक्षा आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि पाठ्यक्रम में हुए बदलाव की वजह से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए और समय दिया जाना चाहिए। ऐसे में गहलोत सरकार को जल्द से जल्द अपनी हठधर्मिता को छोड़ मुख्य परीक्षा आगे बढ़ानी चाहिये।
#RPSC द्वारा #RAS मुख्य परीक्षा-2021 के पाठ्यक्रम में बदलाव के कारण अभ्यर्थी तैयारी के लिए अतिरिक्त समय की मांग कर रहे हैं। लेकिन युवाओं की न्यायसंगत मांग को नहीं मानना कांग्रेस सरकार की हठधर्मिता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री जी आंदोलनरत अभ्यर्थियों के हित में जल्द फैसला लें!
— Vasundhara Raje (@VasundharaBJP) February 14, 2022
वहीं राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कहीं RAS परीक्षा में भी सरकार REET की तरह धांधली का कोई खेल तो नहीं कर रही।
#RPSC ने RAS मैन्स का पाठ्यक्रम प्री एग्जाम का परिणााम आने के बाद करीब 35% बढ़ाया है यह @RPSC1 की मनमानी है।
अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए समय कम दिया है, कहीं ऐसा तो नहीं कि अपनों के फायदे के लिए यह #खेल किया जा रहा है?
सरकार युवाओं की मांगे माने और उन्हें राहत दे। #RASPOSTPONE pic.twitter.com/iUAwB2SfRN— Dr.Kirodi Lal Meena (@DrKirodilalBJP) February 14, 2022
इतने कम समय में सिलेबस पूरा करना कठिन
RAS मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे विनय ने बताया कि RPSC ने RAS सिलेबस UPSC से भी बढ़ा दिया है। इसमें मैनेजमेंट, अकाउंटेंसी, स्पोर्ट्स और योग जैसे कई नए विषय जोड़े गए हैं। वहीं अब सिलेबस बदलने के बाद विज्ञान और प्रौद्योगिकी, प्रबंधन जैसे कई नए विषय भी जोड़ दिए गए हैं। ऐसे में इतने कम समय में सिलेबस को पूरा करना बहुत कठिन है। इसलिए RAS मुख्य परीक्षा को 2 से 3 महीने आगे बढ़ाया जाना चाहिये।
तय समय पर ही होगी RAS मुख्य परीक्षा
राजस्थान लोक सेवा आयोग की फुल कमीशन बैठक में RAS मुख्य परीक्षा 25 और 26 फरवरी को कराने का फैसला हुआ है। RPSC के अधिकारियों ने बताया कि मुख्य परीक्षा 2 दिन दो पारियों में आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रदेश के सातों संभाग मुख्यालय पर परीक्षा का आयोजन होगा। जिसमें पहली पारी की परीक्षा सुबह 9 से 12 बजे तक, जबकि दूसरी पारी दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा 20 हजार 102 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
