जयपुर: राजस्थान में 9 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेशभर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जयपुर पहुंच विधानसभा घेराव की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाइस गोदाम सर्किल पर ही रोक लिया। इसके बाद प्रदेशभर से पहुंची महिलाओं ने 22 गोदाम सर्किल पर ही सरकार के खिलाफ धरना शुरू कर दिया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शीला ने कहा कि यह सरकार हमें जल्द से जल्द राज्य कर्मचारी घोषित करें। इसके साथ ही हमें भी सरकारी कर्मचारियों की तरह मानदेय और पेंशन जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। लेकिन अगर सरकार ने समय रहते हमारी मांगों को पूरा नहीं किया। तो हम सरकार के खिलाफ कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंजू ने कहा कि सरकार हमें दिहाड़ी मजदूरी करने वाले मजदूर से भी कम वेतन दे रही है। ऐसे में महंगाई के इस दौर में घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऑनलाइन पढ़ाई के इस दौर में ना हम बच्चों के लिए मोबाइल खरीद पा रहे हैं। न ही उनकी फीस भर पा रहे हैं। सरकार सालों से हमारी तनखा नहीं बढ़ा रही। जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार के लिए अस्पताल से लेकर परीक्षा तक सभी स्थानों पर ड्यूटी देती है। सरकार हमारी ओर ध्यान नहीं दे रही।
