अलवर: अलवर में 22 दिन से लापता महिला का शव सरिस्का के जंगल में मिला है। महिला के शरीर से एक हाथ-पैर गायब है। इससे पहले महिला को पुलिस और परिजन गुमशुदा मान रहे थे। लेकिन शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव लेने से मना कर दिया है।
मामला अलवर के भूपसेड़ा गांव का है। 26 साल की सुनीता देवी 22 दिन पहले घर से निकली थी। परिजनों का आरोप है कि मुकंदपुरिया में चल रही क्रेशर के रास्ते को लेकर हुए विवाद हुआ था। इस वजह से उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के ही कृष्ण मोगर पर संदेह जताया है। दो दिन पहले ही पुलिस को नामजद रिपोर्ट भी दी है। पहले तो पुलिस महिला को गुमशुदा के आधार पर जांच करती रही। जबकि परिजन अपहरण का अनुमान लगाते रहे। अब 22 दिन बाद गांव से 80 किलोमीटर दूर महिला का शव मिला है।
पुलिस ने परिजनों को बताया कि महिला का शव करीब 3 दिन पुराना है। इसका मतलब उसका अपहरण कर हत्या की गई है। अब ग्रामीणों में भी घटना को लेकर रोष है। उनका कहना है नामजद दोषियों की गिरफ्तारी की जाए। वरना ग्रामीण आंदोलन करेंगे।
