Headlines

कर्नाटक में हिजाब विवाद : राज्य सरकार ने 3 दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद किए

हिजाब

बेंगलुरु : कर्नाटक में हिजाब को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्य सरकार ने अगले तीन दिन के लिए स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का निर्देश दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। इससे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट में मंगलवार को हिजाब मामले में मुस्लिम छात्राओं की 4 याचिकाओं पर सुनवाई हुई। जस्टिस कृष्णा दीक्षित ने कहा कि हम कारणों और कानून के मुताबिक चलेंगे। किसी के जुनून या भावनाओं से नहीं। जो संविधान कहेगा, हम वही करेंगे। संविधान ही हमारे लिए भगवद्-गीता है। कोर्ट बुधवार को एक बार फिर ढाई बजे मामले पर सुनवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि एक मामले में जो भी फैसला होगा, वह सभी याचिकाओं पर लागू होगा। वकील देवेंद्र कामत ने मुस्लिम छात्राओं की ओर से कोर्ट में पक्ष रखा। वहीं राज्य के एडवोकेट जनरल (AG) ने सरकार की ओर से सुनवाई में हिस्सा लिया। कर्नाटक हाईकोर्ट की बेंच ने मामले की सुनवाई की शुरुआत में पहले ही पॉइंट की पुष्टि के लिए पवित्र कुरान की एक प्रति मांगी। जस्टिस दीक्षित ने पूछा कि यह कुरान की प्रामाणिक प्रति है, इस पर तो कोई विवाद नहीं। कुरान की कॉपी बैंगलोर के शांतिप्रकाश पब्लिशर्स ने प्रकाशित की है। एडवोकेट जनरल ने कहा कि कुरान के कई अनुवाद हैं।

हिजाब

कॉलेज में पत्थरबाजी, तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहराया

सोशल मीडिया पर हिजाब विवाद अब भगवा और तिरंगे की जंग का रूप ले चुकी है। एक वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर कुछ युवक कॉलेज में लगे तिरंगे झंडे को हटाकर भगवा झंडा लगाते हुए दिख रहे हैं। घटना शिमोगा की बताई जा रही है। यहां सुबह ही मुस्लिम युवकों ने प्रदर्शन के दौरान कॉलेज में पत्थरबाजी की थी। इस घटना की वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि impactvoice.news इन वीडियो की पुष्टि नहीं करता। जिला प्रशासन ने यहां धारा 144 लागू कर दिया है। साथ ही कॉलेज प्रशासन को अपने हिसाब से छुट्‌टी का फैसला लेने का निर्देश दिया है। इधर, कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ऐसी घटनाओं से प्रभावित शैक्षिक संस्थाओं को एक हफ्ते के लिए बंद करने का सुझाव दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *