जयपुर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने कहा है कि REET धांधली मामले में मंत्री डॉ सुभाष गर्ग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की “नाक का बाल” है। अगर एसओजी ने जांच की तो 3-4 दिन में ही उनकी गिरफ्तारी हो जाएगी। कटारिया ने कहा- आरोपियों को मुख्यमंत्री को पकड़वाना चाहिए, क्योंकि राजीव गांधी स्टडी सर्किल के हेड वही हैं। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाते हुए कहा कि क्या एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ सीएम अशोक गहलोत को बुलाकर सवाल पूछ सकते हैं कि किन योग्यताओं के आधार पर राजीव गांधी स्टडी सर्किल के पदाधिकारियों को REET परीक्षा में कन्वेनर और दूसरी पोस्टिंग दी गईं।
कटारिया ने कहा- REET की परीक्षा 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रभावित कर रही है। इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए बीजेपी कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में सदन में यह मुद्दा उठाएगी। कारण यह है कि पेपर लीक नहीं हुआ है, बल्की षड़यंत्र करके पेपर चोरी करवाकर धन्धा कराने का काम किया गया है। कांग्रेस ने अपने लोगों को नौकरी दिलाने का चोर रास्ता ढूंढा है। जिससे उनकी विचारधारा से जुड़े लोग पेपर सॉल्व करके नौकरी में लग जाएं।
कांग्रेस सकार बीजेपी के निशाने पर रहेगी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा मुख्यमंत्री का रीट रद्द करने का फैसला ही यह स्वीकार करना है कि REET में बड़ी धांधली हुई है। REET ही नहीं, लगता है इस शासन में सारी परीक्षाओं में नकल और धांधली हुई होगी। REET स्थगित या रद्द करके सरकार ने दोषियों को बचाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा सीबीआई जांच तक हमारी लड़ाई जा रहेगी। पूनियां ने कहा कि उन पर हुए हमले को लेकर बीजेपी विधायक दल ने निन्दा प्रस्ताव पारित किया है। REET धांधली के साथ किसान कर्जामाफी, भ्रष्टाचार, रेप जैसे प्रमुख मुद्दे हैं, जिन पर कांग्रेस सरकार बीजेपी के निशाने पर रहेगी।
