लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और मुख्यमंत्री योगी के बीच में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बैठे। पहले उपमुख्यमंत्री थोड़ी दूर बैठे थे, लेकिन योगी ने उनका हाथ पकड़कर अपने करीब बुला लिया। यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में दावा किया कि योगी सरकार ने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जनता से किए वादे पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी भाजपा इसी तरह जनता के हित के लिए काम करती रहेगी।
मेनिफेस्टो कमिटी के अध्यक्ष सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश के 24 करोड़ लोगों की सेवा का उद्देश्य सामने रखकर इस लोक कल्याण संकल्प-पत्र को पूरा किया गया है। उन्होंने संकल्प-पत्र के निर्माण में लगे लोगों और प्रक्रिया का परिचय देते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं है और यह जान कर ही यूपी की जनता ने भाजपा को कई तरह के सुझाव दिए।
जो वादे किये वो पूरे किए – योगी
यूपी के सीएम योगी ने कहा कि पांच वर्षों पहले हमने जो वायदे किए थे, उसे पूरा किया है। आज प्रदेश में कानून का राज है, हरेक माता और बेटी खुद को उत्तर प्रदेश में सुरक्षित महसूस कर सकती है। पिछली सरकार के दौरान यूपी में सैकड़ों दंगे होते थे, महीनों तक यूपी में कर्फ्यू रहता था, व्यापारी पलायन करता था, बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, उत्तर प्रदेश में आजकल कर्फ्यू नहीं, धूम-धड़ाके के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।’ हरेक गरीब का हमने ख्याल रखा है। 60 लाख उद्यमियों को ऋण दिया गया। जो बेरोजगारी की दर 2017 में 18 फीसदी थी, आज वह 3 फीसदी मात्र रह गयी है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और जननी सुरक्षा योजना को हमने प्राथमिकता के साथ पूरा किया है और इसी दम पर जनता के बीच फिर जा रहे हैं। दो करोड़ से अधिक लोगों को हमने शौचालय दिए, 1 करोड़ 56 लाख गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत हमने गैस सिलेंडर मुहैया कराए’।
कोविड की तीसरी वेब को नियंत्रित करने का दावा करते हुए योगी ने कहा कि पहली और दूसरी लहर में भी उत्तर प्रदेश का काम बेहतरीन था। योगी ने कहा कि पहले जहां 70 वर्षों में प्रदेश में 1 दर्जन से भी कम मेडिकल कॉलेज थे, वहीं उन्होंने 5 वर्षों में तीन दर्जन से अधिक मेडिकल कॉलेज बनवाए। जनपद स्तर पर हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतरीन हुआ है। योगी ने अपनी सरकार को डबल इंजन सरकार बताते हुए दावा किया कि 2017 के 212 संकल्पों को उन्होंने मंत्र मानकर अक्षरश: पूरा किया है।
अमित शाह ने मेनिफेस्टो लोक कल्याण संकल्प पत्र किया जारी
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी घोषणा पत्र को सबके सामने रखा। पार्टी ने इस घोषणा पत्र का नाम लोक कल्याण संकल्प पत्र रखा है। अमित शाह ने कहा कि हमने यूपी में अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर उनकी राय ली है। बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर घूम कर लोगों के बीच काम कर रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, ‘मुझे आज पांच साल पहले का दृश्य याद आता है। यहीं हमने 2017 में यूपी के विकास का एक दस्तावेज, एक संकल्प-पत्र जनता के सामने रखा था। 2014 के चुनाव में 80 में 73 सीटें देकर जनता ने अपनी मंशा साफ कर दी थी। हमने उसका नाम घोषणा-पत्र की जगह संकल्प-पत्र नाम बहुत सोच-समझ कर दिया था।’
अमित शाह ने कहा कि छात्राओं को स्कूटी और छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा। साथ ही उज्ज्वला योजना के तहत तीन मुफ्त सिलेंडर हर वर्ष दिए जाएंगे। सीमांत और छोटे किसानों के लिए दुगनी किसान सम्मान निधि दिया जाएगा। लखनऊ के गोमती नगर में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया। गृह मंत्री अमित शाह, यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेद्र प्रधान, सीएम योगी, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में पार्टी ने संकल्प पत्र जारी किया।

