Headlines

REET पेपर लीक प्रकरण : पूनियां पर हमले के खिलाफ बीजेपी पहुंची राजभवन, राठौड़ बोले-विधानसभा में सरकार को घेरेंगे

राठौड़

जयपुर : REET पेपरलीक मामले में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां पर हुए हमले के खिलाफ राजस्थान बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा और राज्यपाल को ज्ञापन दिया। बीजेपी मुख्यालय से रवाना होते वक्त प्रतिनिधिमंडल में शामिल उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं का आचरण दंगाईयों जैसा है। राठौड़ ने कहा हम REET की परीक्षा में सीबीआई जांच की मांग और पूनियां पर हमले के विरोध में राज्यपाल को ज्ञापन दे रहे हैं। विपक्ष को अपनी बात कहने का लोकतांत्रिक अधिकार है। हमले का मुख्य कारण यही रहा है कि सतीश पूनियां ने REET पेपर लीक को लेकर बड़ा आंदोलन कर अपनी गिरफ्तारी दी। इसीलिए बौखलाकर उन पर हमला किया गया है। REET पेपर रद्द कराने के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा सारी चीजें REET से जुड़ी हुई हैं। जांच के बाद जो सामने आए,उस आधार पर सरकार तय करे। हम चाहते हैं कि जांच होकर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए।

उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा है कि रीट पेपर लीक के तार मंत्रिमंडल में बैठे लोगों से जुड़ने लगे हैं तो बौखलाकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला करने की कोशिश की है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जो व्यवहार किया है उसे हम सहन नहीं करेगे। यह राजस्थान की राजनीतिक संस्कृति के खिलाफ हुई घटना है। यही व्यवहार रहा तो सत्ता में बैठे नेता भी राजस्थान में खुले तौर पर नहीं घूम पाएंगे। 9 फरवरी से राजस्थान विधानसभा का सत्र शुरू होगा। उसमें भी सरकार की बखिया उधेड़ने का काम बीजेपी करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल

राजस्थान प्रदेश बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष माधोराम चौधरी, जयपुर जिला प्रमुख रमा देवी, जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर, प्रदेश मीडिया संयोजक पंकज जोशी जी, प्रदेश पैनलिस्ट लक्ष्मीकांत भारद्वाज शामिल रहे। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां की गाड़ी पर रविवार को बूंदी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया था। उनका रास्ता रोककर काले झण्डे दिखाए। करीब आधे घंटे तक हुए विरोध प्रदर्शन में शांति धारीवाल जिन्दाबाद और सतीश पूनियां मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। जिसके बाद बीजेपी में घटना को लेकर गुस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *