Headlines

1000वें वनडे में भारत विजयी, चहल की फिरकी में फंसे कैरेबियाई बल्लेबाज

भारत

अहमदाबाद: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में विजयी आगाज किया है। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पहले मैच में छह विकेट से हराकर अपने 1000वें मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे मैच में 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 43.5 ओवर में 176 रन पर ऑल आउट हो गई। युजवेंद्र चहल ने चार और वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने 28 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।

कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव 34 और अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे दीपक हुड्डा 26 रन बनाकर नाबाद रहे। ईशान किशन ने 28 रन की पारी खेली। विराट कोहली फिर फ्लॉप रहे और 8 रन ही बना सके। ऋषभ पंत ने 11 रन बनाए। यह साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की पहली जीत है। इससे पहले भारत को साउथ अफ्रीका में इस साल दो टेस्ट और तीन वनडे मैचों में हार झेलनी पड़ी थी।

वेस्टइंडीज का टॉप ऑर्डर फेल

टॉस हारकर पहले बॉलिंग करने का फैसला भारत के लिए सही रहा। वेस्टइंडीज ने 71 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। शाई होप 8 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर बोल्ड हुए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में ब्रैंडन किंग (13) को आउट किया और चार गेंदों के बाद डैरेन ब्रावो (18) को DRS पर LBW आउट किया।

चहल के 100 विकेट पूरे

पारी के 20वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। पहले उन्होंने निकोलस पूरन (18) को DRS पर LBW आउट किया और अगली ही गेंद पर कप्तान कीरोन पोलार्ड (0) को बोल्ड कर दिया। पूरन को आउट करने के साथ ही चहल ने वनडे में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *