जयपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर में सरकारी बंगले और सीकर निवास पर नाथी का बाड़ा काले अक्षरों में लिखने के विवाद ने सियासी तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने घटना के बाद जयपुर में जब प्रदेश बीजेपी मुख्यालय को घेर लिया। पुलिस के नहीं हटने पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने मौके पर तैनात एसीपी सोडाला भोपाल सिंह भाटी से नाथी के बाड़ा शब्द का मतलब समझाया।
राठौड़ ने कहा कि नाथी बहुत दयालु और दानवीर महिला थी। राठौड़ ने पुलिस अफसर को पॉलिटिकल पार्टी के दफ्तर से पुलिस की गाड़ियां और जाब्ता हटाने को कहा। लेकिन पुलिस मौके पर ही डटी रही। पुलिस एसीपी भाटी ने बीजेपी नेताओं को टोकते हुए कहा कि आपने जो काम किया है वो ठीक नहीं किया है। पार्टी मुख्यालय के बाहर कोई नहीं रहेगा। तो राठौड़ ने कहा- ऐसा क्या गुनाह, कत्ल या बलात्कार हो गया, जो पॉलिटिकल पार्टी के दफ्तर को मजाक बना दिया है। उन्होंने कहा यह बीजेपी मुख्यालय है नाथी का बाड़ा नहीं। वहीं मौके पर मौजूद एसीपी भोपाल सिंह भाटी को टोकते हुए कहा कि बीजेपी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के पीछे पुलिस पांच-पांच, छह-छह गाड़ियां क्यों दौड़ा रही है।
नेता और कार्यकर्ता ने किया विरोध
इस बीच कई भाजपा नेता पार्टी मुख्यालय आना शुरू हो गए। सूचना मिलने पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, जयपुर शहर बीजेपी अध्यक्ष राघव शर्मा, बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, उप महापौर पुनीत कर्नावट समेत कई बीजेपी नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंच गए। साथ ही अलाव जलाकर पार्टी कार्यालय के बाहर ही पुलिस के विरोध में कुर्सियां लगाकर बैठ गए।
