जयपुर : REET, सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के बाद अब RAS भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद शुरू हो गया है। जिसको लेकर अब प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे छात्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर गए हैं। जयपुर में भी RAS परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों ने सड़क पर उतर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर भर्ती परीक्षा की तारीख को आगे बढ़ाने की मांग की।
दरअसल, राजस्थान में 25 और 26 फरवरी को RAS मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाना है। लेकिन छात्रों का कहना है कि इस बार कोर्स में बदलाव किया गया है। ऐसे में उन्हें तैयारी करने के लिए पूरा वक्त नहीं मिल पाया है। इसलिए राजस्थान लोक सेवा आयोग को छात्रों को पढ़ने के लिए और वक्त देना चाहिए। RAS मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र अभिषेक शर्मा ने बताया कि आज के माहौल में कोई भी प्रतियोगी परीक्षा विवादों से बच नहीं पाई है। REET और पटवार रिजल्ट ने पारदर्शिता की पोल खोलकर रख दी है। वहीं अब समय से पहले RAS मुख्य परीक्षा का आयोजन करवाकर अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा की कोरोना महामारी के दौरान ज्यादा समय तक कोचिंग संस्थान बन्द रहे है। जिसके कारण छात्रों की पढ़ाई डिस्टर्ब हुई है। ऐसे में तैयारी पूरी करने के लिये छात्रों को थोड़ा वक्त और दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब UPSC ने सिलेबस में बदलाव किया था। तो आठ महीने का समय दिया था। लेकिन RPSC ने UPSC के मुकाबले आधा समय भी नहीं दिया है।
