जयपुर : REET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश की गहलोत सरकार एक्शन में आ गई है। शुक्रवार मध्यरात्रि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डीपी जारोली को बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही धांधली में लिप्त पाए गए कर्मियों के तुरंत सस्पेंड करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही रिटायर्ड हाईकोर्ट जस्टिस की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर जांच करने का निर्णय लिया गया है। इस कमेटी की जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों को भी बर्खास्त किया जाएगा। ये कमेटी भविष्य में होने वाली परीक्षाओं में गड़बड़ी को रोकने की दिशा में काम करेगी।
इस बैठक शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, एसीएस होम अभय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव कुलदीप रांका तथा एडीजी एसओजी अशोक राठौड़ भी शामिल हुए। उधर, एसओजी की पूछताछ के बाद से जारौली मुख्य कार्यालय में नहीं बैठ रहे। उसके बाद से उनका कक्ष सूना है। दूसरी ओर, 16 लाख से अधिक बेरोजगार मामले की सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हैं।
