जयपुर : राजस्थान संविदा नर्सेज एसोसिएशन की ओर से वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। नर्सेज कर्मियों की मांगे पूरी नहीं होने पर 26 जनवरी से समस्त प्रदेश में 2 घंटे का अतिरिक्त कार्य कर नर्सेज कर्मी अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। राजस्थान संविदा नर्सेज एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा कोविड वैश्विक महामारी में कोविड स्वास्थ्य सहायक एवं UTB पर नर्सेज कर्मियों एवं पैरामेडिकल कर्मियों की भर्ती राजस्थान सरकार द्वारा की गई।
जिसका मानदेय 7900/ माह सरकार द्वारा रखा गया जोकि अत्यंत कम है। आज कोरोना जैसी स्थिति में समस्त नर्सेज कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे हैं, लेकिन वेतन के कारण नर्सेज कर्मियों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। ज्ञापन के माध्यम से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नर्सेज कर्मियों ने अपील की है कि वेतन को 7900/. से बढ़ाकर 26500/ किया जाए।
शर्मा ने बताया कि अगर सरकार ने नर्सेज कर्मियों की मांग पूरी नहीं की तो आगामी रणनीति के तहत कोरोना में 26 जनवरी से समस्त प्रदेश में 2 घंटे का अतिरिक्त कार्य कर नर्सेज कर्मी अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस वैश्विक महामारी में नर्सेज की भावना हमेशा जनता के प्रति है इसलिए कार्य बहिष्कार ना करके अतिरिक्त कार्य करके अपनी मांग को सरकार के सामने रखा जाएगा।

