जयपुर: अलवर जिले में 16 साल की नाबालिग अल्पसंख्यक समुदाय की मूक-बधिर बच्ची पर यौन हमले के मामले में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने राजस्थान सरकार से रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गहलोत सरकार से जवाब मांगे हैं। आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने अल्पसंख्यक समुदाय की लड़की के खिलाफ यौन हिंसा के मामले से जुड़ी खबरों का संज्ञान लेते हुए एक्शन लिया है। राजस्थान के मुख्य सचिव को 24 जनवरी तक मामले पर रिपोर्ट देने को कहा है।
अल्पसंख्यक आयोग सरकार से पूछे सवाल
अल्पसंख्यक आयोग ने गहलोत सरकार से कई सवाल पूछे हैं। ‘’इस मामले के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया या नहीं ? अगर गिरफ्तारी हुई है, तो किन धाराओं के तहत हुई है? अगर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो अब तक क्या कार्रवाई की गई ? आगे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं ?” जैसे सवाल सरकार से पूछे गए हैं। हालांकि इस मामले में अलवर पुलिस के बयान के बाद सियासत गरमा गई है पुलिस और अलवर कलेक्टर के साथ सरकार को भी बीजेपी ने इस मामले पर घेरा है।
