नई दिल्ली। इस बार होली पर राजस्थान के लोगों को एक नायाब सौग़ात मिलेगी और यात्री दिल्ली से जयपुर तक का सफर मात्र दो से तीन घण्टे में पूरा कर सकेंगे। दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत निर्माणाधीन जयपुर से दिल्ली तक के पहले चरण का मार्च 2022 में पूरा होने की उम्मीद है। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में सबसे सफल मंत्री माने जाने वाले केन्द्रीय भू तल और राष्ट्रीय राज मार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने इस काम को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस एक्सप्रेस-वे का काम पूरा होने पर इस पर वाहन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। यह मार्ग गुड़गांव के राजीव चौक और दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस-वे के सोहाना-दौसा से सिग्नल फ्री रूट होगा।
फिर भी भारी यातायात दवाब के कारण दिल्ली के धौलाकुआं से जयपुर का सफर तीन घंटे का हो सकता है।यह सफर दिल्ली-गुरुग्राम और सोहाना मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिये तय होगा। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सोहना एलिवेटेड रोड के लिए 31 मार्च तक की समय सीमा तय की है। इससे पहले एनएचएआई ने नवंबर 2021 की समय सीमा तय की थी. लेकिन कोविड के दूसरी लहर की वजह से इसे बढ़ाना पड़ा। एनएचएआई ने काम में तेजी लाने और यात्रियों और कार्गो वाहकों को राहत देने के लिए यह काम समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, दौसा से होकर गुजरेगा जोकि जयपुर से 60 किमी की दूरी से गुजरेगा। एनएच-21 पहलें ही दौसा को जयपुर से जोड़ता है। यात्रियों को दिल्ली के धौला कुआं से जयपुर तक सोहना और दौसा के जरिए कुल 270 किमी का सफर करना होगा।अगर कोई एनएच-8 पर यात्रा करता है तो उसे भी लगभग इतनी ही दूरी तय करनी होगी। यह एक्सप्रेस-वे ज्यादा स्पीड वाले वाहनों के लिए बनाया जा रहा है और इस पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे इसलिए दिल्ली से जयपुर तक की यात्रा का समय घटकर दो घंटे हो जाएगा। बांदीकुई से जयपुर के लिए दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस-वे को पूरा करने और दिल्ली और जयपुर के बीच आवागमन के समय को कम करके तीन घंटे से कम करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है। यह मार्ग 1,380 किलोमीटर लंबा है।राजस्थान में 374 किलोमीटर लंबा खंड बनाया जा रहा है जिस पर 16 हज़ार 600 करोड़ रुपए की लागत आयेंगी। नरेन्द्र मोदी सरकार में नितिन गड़करी लगातार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दे रहें है। इसके चलते देश में कई एक्सप्रेस-वे और ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है।
