जयपुर। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी धौलपुर की टीम ने आज खनिज विभाग के अधीक्षण अभियंता (सतर्कता), उदयपुर योगेन्द्र सिंह सहवाल के जयपुर, अजमेर व उदयपुर स्थित 7 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा और आय से अधिक संपत्ति को जब्त किया। एसीबी डीजी बीएल सोनी ने बताया कि सहवाल के यहां मारे गए छापों में लगभग 1.63 करोड़ की परिसंपत्तियां अर्जित करने का अनुमान है जो उसकी वैध आय से 512 प्रतिशत अधिक है। सर्च के दौरान एक बैंक लॉकर का भी पता चला है उसमें कितनी संपत्ति का उसका ब्यौरा अभी आना बाकी है। एसीबी ने आरोपी के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
उदयपुर में आबकारी विभाग के दो अफसर ट्रैप
वहीं, उदयपुर एसीबी की स्पेशल यूनिट ने कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के दो अधिकारियों को ट्रैप किया। टीम ने मावली में आबकारी थाने के सीआई (सर्कल इंस्पेक्टर) और पीओ (पेट्रोलिंग ऑफिसर) को 25 हजार की रिश्वत के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारी एक शराब ठेके से मासिक बंदी के रूप में यह रिश्वत ले रहे थे।
एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि मावली के एक शराब की दुकान पर आबकारी वृत निरीक्षक (सीआई) गोपीलाल सोलंकी और प्रहराधिकारी (पीओ) महेन्द्र जाट मासिक लेने पहुंचे थे। इसी दौरान शराब ठेका संचालक से बंदी लेते टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। ओझा ने बताया कि आरोपी दोनों अधिकारी मावली आबकारी थाने पर पोस्टेड है। ये शराब ठेके के संचालक से प्रति माह 12 हजार 500 रुपए ले रहे थे। दो महीनों की मासिक बंदी इस बार वे साथ में ले रहे थे।

