जयपुर/नागौर : नागौर शहर के पास मालगांव ग्राम में जाट समाज की एक महिला व एक बच्चे की अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर हत्या कर दी , यह घटना हृदय विदारक है। यह बात रालोपा संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कही। सांसद ने मामले को लेकर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक एम एल लाठर से दूरभाष पर वार्ता करके मामले में तत्काल विशेष टीम का गठन करके अपराधियो की गिरफ्तारी करने के निर्देश दे दिए है।
सांसद ने कहा की नागौर शहर के पास दिन-दहाड़े इस तरह की घटना हो जाना जिले में पुलिस के खत्म होते इकबाल को दर्शा रहा है व अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं रहा इसलिए ऐसी घटनाए बढ़ रही है। सांसद ने कहा की ऐसी घटनाओं से आम जन में भय व्याप्त है वहीं जनता का बदहाल कानून व्यवस्था को भी लेकर शासन के प्रति भारी रोष है। वहीं इस तरह की गंभीर घटनाओं में रेंज आईजी को भी मौके पर जाकर मामले में मॉनिटरिंग करते हुए त्वरित कार्यवाही करने की जरूरत है।
