जयपुर: कांग्रेस सरकार के मंत्रियों, विधायकों समेत तमाम जनप्रतिनिधियों को हिन्दू बनाम हिन्दुत्व और सॉफ्ट हिन्दू बनाम कट्टर हिन्दुत्व की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस अंतर का पाठ पढ़ाने के लिए कांग्रेस के सलेक्टेड ट्रेनर्स दिल्ली से जयपुर आ रहे हैं। जो 26 से 28 दिसम्बर तक शिवदासपुरा के बाड़ा पदमपुरा में ट्रेनिंग कैम्प लगाएंगे। कांग्रेस के लिए इस कैम्प की ट्रेनिंग इतनी महत्वपूर्ण है कि मंत्रियों की पीसीसी में होने वाली जनसुनवाई भी स्थगित कर दी गई है। अब पीसीसी में मंत्रियों की अगली सुनवाई नए साल पर 3 जनवरी को ही होगी।
अलग-अलग सेशन में इस तरह के लैक्चर्स और शॉर्ट फिल्म दिखाकर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं को ट्रेंड किया जाएगा। फिर उन्हें अपने-अपने जिलों में आम जनता के बीच जाकर जो सीखा है, वही पाठ समझाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। ताकि कांग्रेस विचारधारा,पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों को जनता खासकर युवाओं तक पहुंचाया जा सके।
गहलोत मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों, विधायकों, एआईसीसी सदस्यों, पीसीसी पदाधिकारियों और पंचायत समिति प्रधान,जिला प्रमुख, सलेक्टेड कार्यकर्ताओं को कैम्प में बुलाया गया है। एआईसीसी के ट्रेनिंग कैंप प्रमुख सचिव राव इसके इंचार्ज होंगे।
कैम्प में नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति,सिद्धांतों और विचारधारा के बारे में बताया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,प्रदेश प्रभारी अजय माकन, पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करेंगे। देश में कांग्रेस पार्टी और नेताओं के योगदान की जानकारी देने के लिए कई ट्रेनर्स दिल्ली से जयपुर आएंगे। इसमें हिस्सा लेने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं के रहने-खाने का बंदोबस्त भी बाड़ा पदमपुरा में ही किया जा रहा है।
