जयपुर: राजस्थान में गहलोत के खाद्य आपूर्ति मंत्री खाचरियावास ने जयपुर में एक दिन बाद होने जा रही कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ रैली की तैयारियों को लेकर सिविल लाइंस और बनीपार्क ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठकें लीं। उन्होंने कहा कि गांव-ढाणी हर बूथ से कांग्रेस का कार्यकर्ता निकलकर रैली में आएगा। जयपुर के हर विधानसभा क्षेत्र को रैली में 5 हजार की भीड़ लाने का टारगेट दिया गया है। हजारों की तादाद में लोग निकलेंगे। बसों,मोटरसाइकिलों,वाहनों से जुलूस बनाकर 12 दिसम्बर को विद्याधर नगर स्टेडियम में सुबह 11 बजे तक सभी पहुंच जाएंगे। खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस देश की जनता की आवाज की मजबूती के लिए लड़ रही है। यह संघर्ष लम्बा है। क्योंकि सामने जो लोग बैठे हैं, वो बिल्कुल नक्टे हैं और उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। वो रोज रंग बदलते और झूठ बोलते हैं। प्रदेश बीजेपी के नेताओं की यह हालत है कि सुबह कुछ और बयान देते हैं, शाम को कुछ और बोलते हैं। वो लगातार झूठ बोल रहे हैं। जयपुर की सड़कों पर बीजेपी से ज्यादा आंदोलन तो सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस ने किया है।
खाचरियावास ने कहा है कि किसान आंदोलन को लेकर प्रधानमंत्री जी ने तो किसानों से माफी मांग ली है। अब राजस्थान बीजेपी के नेताओं को गांव-गांव में जाकर नाक रगड़कर किसानों से माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि प्रदेश के बीजेपी नेता कल तक किसानों को गाली और धमकियां दे रहे थे। बीजेपी के नेता गांवों में तब घुसें, जब किसानों से नाक रगड़कर माफी मांग लें। क्योंकि अब वो गांवों में जाने के लायक ही नहीं हैं। आज किसानों के लिए उनका क्या जवाब है।
मनमोहन सिंह सरकार से मोदी सरकार की तुलना
मंत्री खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार में देश में राफेल घोटाला हुआ। विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी भाग गए। उन्होंने पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की महंगाई के मुद्दे पर कहा कि जब यूपीए सरकार के समय मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब क्रूड ऑयल के दाम 111 डॉलर प्रति बैरल थे। लेकिन पेट्रोल 61 रुपए और डीजल 59 रुपए लीटर था। आज क्रूड ऑयल 84 डॉलर बैरल है। लेकिन पेट्रोल और डीजल के दाम 100 रुपए से ऊपर हैं। मनमोहन सिंह के समय पर पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूडी 9 और 3 रुपए थी, आज वो 30 रुपए को पार कर गई। मनमोहन सिंह के समय जितनी एक्साइज ड्यूटी केन्द्र सरकार कर दे, तो अपने आप पेट्रोलियम के दाम घट जाएंगे।
गैस सिलेंडर सब्सिडी खत्म करने के लिए याद रखा जाएगा
खाचरियावास ने कहा केन्द्र की मोदी सरकार को गैस सिलेंडर की सब्सिडी खत्म करने के लिए याद किया जाएगा। इससे पहले कभी भी रसोई गैस की सब्सिडी खत्म नहीं हुई थी।
