जयपुर: जयपुर के राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय(RUHS) के संगठन मेडिकल कॉलेज में सामने आए रैंगिग के मामले में 11 स्टूडेंटस पर सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया है। कॉलेज प्रशासन की तरफ से गठित कमेटी की रिपोर्ट में माना गया है कि रैंगिग की घटना हुई है और शुरूआत बयानों के आधार पर इसके लिए MBBS सेकंड ईयर के 11 स्टूडेंट को दोषी माना गया है। दोषी पाए गए सभी 11 स्टूडेंट्स को 6 महीने के लिए कॉलेज से निलंबित कर दिया है। वहीं हर स्टूडेंट पर 60-60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
11 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी के पोर्टल पर कॉलेज के ही एक स्टूडेंट ने 11 छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसमें उसने बताया कि MBBS सेकेंड ईयर के स्टूडेंट्स ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच की। शिकायत के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच के लिए कमेटी बनाई। एक-एक छात्रों से पूछताछ के बाद दोषी पाए गए सभी छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित कर दिया।
सेकेंड ईयर हुआ खराब
सबको एमबीबीएस कोर्स में हॉस्टल से भी सस्पेंड कर दिया गया है। अब ये स्टूडेंट 6 महीने बाद जब कॉलेज जाएंगे तो उन्हें हॉस्टल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन स्टूडेंट्स का सेकेंड ईयर भी खराब हाे गया। वे 6 महीने तक कॉलेज की किसी भी एक्टिविटी या सेशन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। सेकेंड ईयर सेमेस्टर के एग्जाम से भी वह दूर ही रहेंगे। इसी तरह इन दोषी छात्रों की छात्रवृत्ति-फेलोशिप को भी रोका गया है। सभी स्टूडेंट्स के माता-पिता से एक शपथ पत्र लिया जाएगा कि भविष्य में उनके बच्चे दोबारा इस तरह का काम नहीं करेंगे।
