नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने ‘ISIS कश्मीर’ से अपनी जान को खतरा बताया है। गंभीर ने आरोप लगाया है कि उन्हें ‘ISIS कश्मीर’ से जान से मारने की धमकी मिली है। DCP सेंट्रल श्वेता चौहान ने बताया कि इसकी जांच चल रही है। सांसद गौतम गंभीर की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गौतम गंभीर को बीती रात करीब 9.30 उनके आधिकारिक ई-मेल पर आईएसआईएस कश्मीर ने उन्हें धमकी भरा मेल भेजा। इसमें उनके परिवार वालों को भी जान के मारने की बात कही गई है। सुरक्षा एजेंसियां इसे पूरी गंभीरता से ले रही हैं और साइबर सेल ने इस केस की जांच शुरू कर दी है।
इस मेल में धमकी दी गई है कि हम तुम्हें (गौतम गंभीर को) और तुम्हारे परिवार को जान से मार देंगे।इस ई-मेल के प्राप्त होने के बाद गंभीर ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दी। अब इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की साइबर सेल को सौंपी गई है। पूरी जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह सच में कोई धमकी भरा मेल है या किसी की जानबूझकर की गई शरारत।
2019 में भी गंभीर को मिली थी जान से मारने की धमकी
दिसंबर, 2019 में भी गौतम गंभीर और उनके परिवार को हत्या की धमकी मिली थी। इंटरनेशनल नंबर से फोन पर मिली धमकी के बाद गंभीर ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। इसे लेकर उन्होंने शाहदरा के डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखा था।

