जयपुर : दीपोत्सव के इस पर्व पर जहां आम से खास सभी खुशियां मना रहे हैं। वहीं राजधानी के शहीद स्मारक पर सैकड़ों की संख्या में बेरोजगार भूख हड़ताल पर बैठ काली दिवाली मना रहे हैं। REET, सब इंस्पेक्टर और JEN भर्ती परीक्षा धांधली की CBI जांच समेत 21 सूत्री मांगों को लेकर बेरोजगारों का धरना 22वे दिन भी जारी है। गुरुवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर बेरोजगारों ने काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। इस दौरान राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के पधाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया।
सरकार ने बेरोजगारों के साथ की वादाखिलाफी
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों के साथ वादाखिलाफी की है। ऐसे में त्योहारी सीजन पर भी बेरोजगार खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे हैं। लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। ऐसे में प्रदेशभर के युवाओं को मजबूरन अपने परिवार से दूर रहकर भूखे पेट काली दिवाली मनानी पड़ रही है। ताकि प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार को बेरोजगारों की पीड़ा दिख सके।
सिर्फ आश्वासन दिया घोषणा नहीं की
उपेन यादव ने बताया कि सरकार द्वारा बेरोजगारों की मांगों को पूरा करने का वादा कर अनशन तुड़वाया था। लेकिन तीन दौर की वार्ता हो चुकी है। अब तक सरकार ने सिर्फ बेरोजगारों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है। लेकिन घोषणा नहीं की है। ऐसे में जब तक सरकार बेरोजगारों की मांग पूरी करने की घोषणा नहीं कर देती, हमारा विरोध जारी रहेगा। उपेन ने कहा कि प्रयोगशाला सहायक, पंचायती राज एलडीसी समेत कई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम लंबित चल रहे हैं। जबकि कई भर्ती परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। जिससे प्रदेश के लाखों बेरोजगार दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हो रहे हैं।
ऐसे में अगर सरकार ने समय रहते बेरोजगारों की मांगो को पूरा नहीं किया। तो प्रदेश के हजारों बेरोजगार उत्तरप्रदेश में प्रियंका गाँधी की सभा में विरोध करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजस्थान के 33 जिलों में जान जागरण अभियान चलाया जाएगा। ताकि प्रदेश की जनता को भी कांग्रेस की असलियत का पता चल सके।
