अयोध्या : योगी सरकार ने बुधवार को 5वें दीपोत्सव पर आज अपना पुराना रिकॉर्ड तोडा। दीप जलाने की प्रकिया शुरू हुई। सरयू के किनारे राम की पैड़ी से जुड़े 32 घाट पर करीब 9.51 लाख दीप जले। वहीं, पूरी अयोध्या नगरी में 12 लाख दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना।
इस अवसर पर वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण- पत्र भी दिया गया। सुबह श्रीराम के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाते हुए भव्य शोभा यात्रा निकली गई। दोपहर में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण पुष्पक विमान (हेलीकाप्टर) से अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हेलीपैड से सभी का स्वागत किया। इसके बाद प्रभु राम को रामकथा पार्क तक रथ से लाया गया। यहां भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ। सीएम योगी ने राम का राजतिलक किया।
इस दौरान सीएम योगी ने कहा, 31 साल पहले अयोध्या में क्या हो रहा था। 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 1990 को रामभक्तों पर बर्बर तरीके से गोलियां चलाई गईं थीं। आप देखना कि अगर अगली कारसेवा होगी, तो गोली नहीं चलेगी। रामभक्तों व कृष्णभक्तों पर पुष्पों की वर्षा होगी।
12 लाख दीयों से जगमग हुई रामनगरी
प्रभु श्रीराम की नगरी आज 12 लाख दीये से सजाई जा रही है। 12 लाख दीयों में राम की पैड़ी पर 9 लाख और अयोध्या के बाकी हिस्सों में 3 लाख दीपक प्रज्जवलित किए जा रहे हैं। दीयों की गिनती के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी इस बार पहुंची है। 12 लाख दीये 36 हजार लीटर सरसों के तेल से जलाए जा रहे हैं। सरयू घाटी पर अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। वहीं, लेजर शो भी शुरू हो चुका है।
असंभव काम संभव हुआ है: योगी
सीएम योगी ने कहा कि पूरी दुनिया कहती थी कि यह काम असंभव है लेकिन सभी अवरोधों को खत्म करते हुए राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का कार्य बिना रुकावट चल रहा है। यह भारत के लोकतंत्र की ताकत है, यहां के जनमानस की आस्था की शक्ति है। उन्होंने कहा कि असंभव कार्य संभव हुआ है।
15 करोड़ लोगों को होली तक मिलेगा मुफ्त राशन
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने एक अहम एलान भी किया। उन्होंने कहा कि आज एक पवित्र अवसर है और राम राज्य के स्वप्न को पूरा करने के लिए हम मुफ्त राशन योजना (प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना) का होली तक विस्तार कर रहे हैं। अंत्योदय कार्ड धारकों को अब दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च में 35 किलो मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। इसमें चावल और गेहूं के साथ-साथ दाल, चीनी, नमक और तेल भी दिया जाएगा। इस योजना के तहत 15 करोड़ लोगों को होली तक मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा।
दीपोत्सव के जरिए दिलाएंगे अयोध्या को नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर कहा कि पांच साल पहले जब अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम की चर्चा शुरू हुई थी तब हमारी सरकार ने तय किया था कि अयोध्या को उसकी नई पहचान दीपोत्सव कार्यक्रम के जरिए दिलवानी है। उन्होंने कहा कि मुझे याद है कि साल 2017, 2018 और 2019 में नारा गूंज रहा था कि ‘योगी जी एक काम करो, मंदिर का निर्माण करो’ और मैं तब भी यही कह रहा था कि इसके लिए आधारशिला तैयार की जा रही है।



