जयपुर: दो बच्चों के साथ मां-बाप की क्रूरता का मामला जयपुर के मुरलीपुरा का है। पड़ोसियों ने शाम को बच्चो की रोने की आवाज सुनी और घर में झाका तो बच्चों की हालत देख एनजीओ और पुलिस को सूचना दी। मां-बाप भी घर आए। यहां मौजूद लोगों और पुलिस ने उन्हें फटकार लगाई तो मां बोली- शरारत करेंगे तो ऐसे ही पिटेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने लोगों को धमकाया भी और कहा- मेरे बच्चे हैं, मैं जो चाहे, करूं। इन बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर के लोगों ने छुड़ाया। वहीं पुलिस ने मां-बाप को हिरासत में ले लिया।
बच्चो को जंजीरो से बांध और घर को ताला लगाकर चाबी साथ ले गए
दो बच्चों की शरारत पर मां-बाप को इतना गुस्सा आया कि उन्हें जंजीरों से उल्टा लटकाकर बांध दिया और उस पर ताला लगा दिया। यही नहीं, मां-बाप बच्चों को उल्टा लटकाकर घर को बंद कर काम पर चले गए। 6 और 10 साल के मासूम आठ घंटे तक दर्द से चीखते-कराहते रहे। जब बच्चों की आवाज आस-पास के लोगों ने सुनी तो घर में झांककर देखा। तब मामले का खुलासा हुआ।
चीखें सुनकर पड़ोस के लोगों ने एनजीओ को सूचना दी। एनजीओ की टीम मुरलीपुरा पुलिस के साथ पहुंची तो देखकर हैरान रह गई। दोनों को पहले मारा-पीटा गया था। फिर पैरों में लोहे की जंजीरों से बांध कर लटका दिया गया था। दोनों दर्द से रो रहे थे। चीखें बाहर तक सुनाई दे रही थीं। यहां तक कि मां-बाप ताला लगाकर चाबी भी साथ ले गए थे। एनजीओ ने दोनों को जंजीरों से खोलकर मुक्त करवाया।
मुरलीपुरा पुलिस को पड़ोस के लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से मकान से चीखने और रोने की आवाज आ रही थी। दोनों बच्चों से मारपीट की जाती है। फिर उन्हें कमरे में बंधक बनाकर मां-बाप चले जाते हैं। दोनों बच्चों के माता-पिता मजदूरी करते हैं। वे दोनों काम पर चले जाते हैं। दोनों माता-पिता शाम को काम से वापस लौटकर आते हैं। दोनों बच्चे भूखे-प्यासे दिनभर कमरे में बंधे हुए रहते हैं।
मां-बाप को देखते ही बच्चे डर गए
इस घटना के बाद दोनों बच्चे काफी डर गए। जब मां-बाप घर पहुंचे तो बच्चे उन्हें देखकर सहम गए। दोनों के सिर व गर्दन में काफी तेज दर्द हो रहा था। पुलिस टीम ने मां से पिटाई को लेकर पूछा तो बोली कि ये शरारत बहुत करते हैं। इसके बाद पुलिस ने मां-बाप को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों बच्चों का मेडिकल करवाया। उनके अन्य रिश्तेदारों को भी बुलाया गया।
