Headlines

जन्मदिन पर भीड़ जुटाकर पूनियां ने भी पायलट, डोटासरा की तर्ज पर किया शक्ति प्रदर्शन

पूनियां

जयपुर। कांग्रेस नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की तरह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने भी अपने जन्मदिन पर आज बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने रविवार को अपने जन्मदिन पर आशानुकूल भीड़ जुटाकर अपनी ताकत का अहसास कराया। पूरे प्रदेशभर से कार्यकर्ता पूनियां को जन्मदिन की बधाई देने रानी सती नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचे। इसमें बड़ी संख्या में विधायक व विधायक प्रत्याशी भी शामिल हैं।

पूनियां

जन्मदिन पर बनाए गए मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का पोस्टर भी चर्चा में रहा। इस पोस्टर के जरिए भी पूनियां ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। इतनी ज्यादा भीड़ इकट्ठा होने से कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां भी उड़ती नजर आई। इससे पहले पूनियां ने सुबह की शुरुआत देवदर्शन के साथ की। शिला माता, गोविंददेवजी, ताड़केश्वरजी, प्रथम पूज्य मोतीडूंगरी गणेश मंदिर और अमरापुरा स्थान पर पूनियां ने पूजा-अर्चना की। पूनियां ने कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम भी सुना।

पूनियां के समर्थकों का दावा है कि तैयारी 2 से 5 हजार लोगों के आने की की थी, लेकिन यह संख्या 50 हजार से ज्यादा पहुंच गई। सभी 33 जिलों से कार्यकर्ता पूनियां को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। किसी ने गुलदस्ता देकर तो किसी ने साफा पहनाकर और तलवार भेंट कर पूनिया को शुभकामनाएं दी।

पूनियां

नड्डा, शाह, राजे ने दी जन्मदिन की बधाई

पूनिया को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने फोन पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने ट्विटर के जरिए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की।

पूनियां

वसुंधरा खेमे के नेता भी पहुंचे

पूनियां को बधाई देने वालों में वसुंधरा खेमे के नेता भी शामिल हैं। विधायक अशोक लाहोटी, सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व विधायक मोहन लाल गुप्ता सहित वसुंधरा खेमे के कई नेता, कार्यकर्ता और विधायक पूनियां के आवास पर जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *