जालौन : बीजेपी नेता और यूपी की योगी सरकार में खेल, युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने गुरुवार को अजीबोगरीब बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि डीजल और पेट्रोल की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। बल्कि देश की 95 फीसदी जनता पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल ही नहीं करती है। इसके अलावा, बेरोजगारी के सवाल पर उपेंद्र तिवारी ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार में जो शख्स मेहनत करके परीक्षा पास करेगा, सिर्फ वही अधिकारी बनेगा।
मंत्री उपेंद्र तिवारी यूपी के उरई में आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में बनाए जा रहे अमृत महोत्सव से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। यहां उनसे बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सवाल किए गए, जिस पर उन्होंने अजीबोगरीब प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोगों को 100 करोड़ से अधिक टीके की खुराक मुफ्त दी गई। यदि आप (ईंधन की कीमत) प्रति व्यक्ति आय से तुलना करें, तो कीमतें अब भी बहुत कम हैं।
