Headlines

बुजुर्ग दंपती की कार पर पलटा बेकाबू डंपर, बुजुर्ग पति-पत्नी की मौत; पोता हुआ घायल

बुजुर्ग दंपती

जयपुर : राजधानी जयपुर में रविवार देर रात करीब 11:30 बजे अवैध बजरी का परिवहन कर रहे डंपर ने कार सवार बुजुर्ग दंपती की जान ले ली। तेज रफ्तार बेकाबू डंपर कार पर पलट गया। हादसा गोपालपुरा बायपास पर गंगा जमुना पेट्रोल से आगे पंडित टीएन मिश्र मार्ग कट पर हुआ। हादसे में बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। कार में दंपती का पोता भी था। उसे मामूली चोट आई है।

बजरी से भरा डंपर किसान धर्मकांटा, मानसरोवर की तरफ जा रहा था। जबकि कार श्याम नगर की तरफ से न्यू सांगानेर रोड की ओर जा रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मारी और पलट गया, जिससे कार में सवार बुजुर्ग दंपती और उनका पोता अंदर ही दब गए। राहगीरों की सूचना पर श्याम नगर, मानसरोवर, शिप्रापथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन को बुलवाया गया। डंपर को हटाकर कार में फंसे बुजुर्ग दंपती और उनके पोते को बाहर निकाला गया। उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कार चालक और उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में पोते को मामूली चोटें आई है। दुर्घटना थाना दक्षिण पुलिस ने दोनों शवों को एसएमएस अस्पताल के मॉर्चुरी में रखवाया है। हादसे का शिकार हुआ परिवार मानसरोवर में पत्रकार कॉलोनी का रहने वाला था।

बुजुर्ग दंपती

रिटायर्ड टीचर थे मृतक

पुलिस के मुताबिक शवों की शिनाख्त महेश चंद मुद्गल (66) और उनकी पत्नी उषा मुद्गल (62) के रुप में हुई है। पोते का नाम दर्श है। महेश मुद्गल रिटायर्ड टीचर बताए जा रहे हैं। उनका बेटा भारतीय सेना में ऑफिसर है। वह विदेश में हैं। वह 13 अक्टूबर को विदेश से जयपुर लौटेंगे। इस वजह से सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *