जयपुर : गहलोत सरकार के खिलाफ बीजेपी ने शनिवार को विधानसभा घेराव के लिए पार्टी मुख्यालय से आक्रोश रैली निकाली। सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने, बेरोज़गारी, किसान कर्जमाफी, बिजली के बिल माफ करने, महिलाओं और बच्चियों से रेप और बिगड़ी कानून व्यवस्था के हालात को लेकर विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान 22 गोदाम सर्किल के पास मौजूद भारी पुलिस बल ने बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।
विधानसभा घेराव करने जा रहे बीजेपी नेताओं, महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की झड़प हो गई। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। एक पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर भी इस दौरान चोटिल हो गए। उन्हें साथी पुलिस वाले उठाकर ले गए। बीजेपी की महिला कार्यकर्ता सरकार के लिए चूड़ियां लेकर आईं थीं। महिला पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं से चूड़ियां छीनकर फेंक दीं।
कार्यकर्ताओं को विधानसभा तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड्स और थ्री-लेयर अमला तैनात कर रोक लिया। बैरिकेड्स हटाने की कोशिश करने पर पुलिस और बीजेपी महिला कार्यकर्ता भिड़ गए। काफी देर तक चली झड़प और धक्का-मुक्की के बाद बीजेपी नेता डीसीपी को ज्ञापन सौंपकर वापस चले गए।

