ICC ने कल अपने ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड्स की घोषणा की थी। इन अवॉर्ड्स में लाइमलाइट कोई खिलाड़ी नहीं बल्कि ‘डेजल द डॉग’ (Dazzle the Dog) नाम का कुत्ता चुरा ले गया। ये वहीं कुत्ता है जो हाल ही में आयरलैंड में महिलाओं के एक घरेलू टूर्नामेंट के दौरान मैदान में घुसकर फील्डर बन गया था। उस मैच के दौरान अपनी मजेदार हरकतों के चलते ये कुत्ता बेहद पॉप्युलर हो गया है। यहीं वजह है कि ICC ने इस बार ‘डेजल द डॉग’ को ‘आईसीसी डॉग ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड देने का भी एलान किया है। बता दें कि, इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट को अगस्त महीने के लिए ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया है। इसके अलावा आयरलैंड की ऑलराउंडर इमिएर रिचर्डसन को महिला ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ’ घोषित किया गया है।
बेस्ट फील्डर इन आयरलैंड क्रिकेट
ICC ने ‘डेजल द डॉग’ को एक नहीं बल्कि दो अवॉर्ड्स से नवाजा। ये अवॉर्ड ‘प्लेयर ऑफ द मुमेंट’ और ‘बेस्ट फील्डर इन आयरलैंड क्रिकेट’ के रहे। ICC ने वीडियो भी शेयर किया और लिखा- फील्ड पर ये असाधारण फील्डिंग का नजारा देखने लायक था।
Exceptional athleticism in the field ?pic.twitter.com/N5U1szC5ZI
— ICC (@ICC) September 13, 2021
जानिए क्या थी ये मजेदार घटना
दरअसल, यह कुत्ता आयरलैंड में खेले जा रहे एक महिला क्रिकेट मैच में मैदान पर घुस गया था। यह मैच आयरलैंड महिला टी-20 कप का सेमीफाइनल था और ब्रैडी क्रिकेट क्लब और सिविल सर्विस नॉर्थ ऑफ आयरलैंड क्रिकेट क्लब के बीच खेला जा रहा था। मैच के 8.4 ओवर में एबी लैकी ने थर्डमैन की दिशा में शॉट खेला और फील्डर ने विकेटकीपर की तरफ गेंद फेंकी। विकेटकीपर ने भी गेंद को स्टंप्स की ओर फेंका, लेकिन गेंद स्टंप्स पर लगने के बजाय दूसरी और चली गई। इसी दौरान एक कुत्ता तेजी से दौड़कर मैदान पर आया और उसने गेंद अपने मुंह से पकड़ ली और मैदान पर ही दौड़ने लगा। कुत्ते के गले में पट्टा बंधा हुआ था और उसके पीछे एक लड़का मैदान पर दौड़ता हुआ आया। नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़ी महिला बल्लेबाज ने कुत्ते को अपने पास बुलाया और गेंद उसके मुंह से निकाली। इस दौरान कुछ समय के लिए खेल रुका रहा।
