जयपुर। कांग्रेस नेता एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सचिन पायलट को 44 वें जन्मदिन पर फेसबुक पर दिए बधाई बधाई संदेश से राजस्थान की राजनैतिक सरगर्मियां एक बार फिर तेज हो गई है। राहुल गांधी ने सचिन पायलट को जन्मदिन की बधाई देते हुए अगला साल शुभ होने की कामना की हैं। इसी बधाई संदेश के सियासी मायने लगाए जा रहे हैं और इसे पायलट को बड़ी जिम्मेदारी सौंपने से जोड़कर देखा जा रहा हैं। दो लाइन की यह शुभकामना दिन भर चर्चा का विषय रही। सचिन पायलट को लंबे समय से पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी देने की चर्चा होती रही है। पायलट कैंप की मांगों का समाधान भी अब तक नहीं हुआ है। पिछले दिनों बैंगलुरू में मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा था कि किसे क्या बनाना है यह सब कांग्रेस हाईगमान तय करता है। हम अजय माकन और वरिष्ठ नेताओं से लगातार संपर्क में हैं। मंगलवार को राहुल गांधी ने पायलट को जन्मदिन पर बधाई देते हुए अगला साल शुभ होने के बारे में लिखा तो इस पर कयास लगने शुरू हो गए हैं।
ये भी मिले पायलट से
पायलट के जन्मदिन पर उनके समर्थक विधायकों के अलावा बीटीपी विधायक राजकुमार रौत और गहलोत समर्थक निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने बंगले पर पुहंचकर बधाई दी। सचिन पायलट के समर्थक प्रदेश भर से जन्मदिन पर जुटे। समर्थकों के जत्थे नाचते गाते पहुंच रहे थे। पायलट ने बंगले के बाहर ही मंच लगाकर एक एक समर्थक का अभिवादन स्वीकार किया।

