Headlines

जयपुर से निकलेगी सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह रथ यात्रा

जयपुर से निकलेगी सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह रथ यात्रा | Satyagraha to Swachhagraha Rath Yatra will leave from Jaipur

जयपुर। राजधानी जयपुर समेत सभी राज्यों की राजधानियों और केंद्र शासित प्रदेशों से सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह रथ यात्राएं और ग्राम पंचायत स्तर पर जागृति यात्राएं निकाली जाएंगी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ने स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करने के लिए यह निर्णय लिया है। मंत्रालय की ओर से स्वच्छता ही सेवा के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक से आजादी के अभियान का भी शंखनाद होगा। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि दोनों अभियान 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के मद्देनजर केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में चार महत्वपूर्ण अभियानों के आयोजन का फैसला किया है। केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय ओडीएफ स्थायित्व और ओडीएफ प्लस का लक्ष्य हासिल करने वाले स्वच्छता संवाद और स्थायित्व व सुजलाम अभियान की शुरुआत पहले ही कर चुका है। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इन अभियानों से ग्रामीण स्तर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ओडीएफ के स्थायित्व और सिंगल यूज प्लास्टिक से आजादी के लक्ष्य को हासिल किया जा सकेगा।

शेखावत ने कहा कि सत्याग्रह से स्वच्छाग्रह रथ यात्रा सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानी से शुरू होगी। सभी जिलों में घूमकर स्वतंत्रता संग्राम में विशेष महत्व रखने वाले स्था‍नों पर संपन्न होगी। स्थायित्व व सुजलाम अभियान में 100 दिन के दौरान 10 लाख सोख गड्ढे सामुदायिक स्तर पर खोदे जाएंगे। स्वच्छता ही सेवा के तहत ग्राम सभा की खुली बैठकों में सिंगल यूज प्लास्टिक से वर्ष 2022 तक आजादी और निर्धारित तिथि तक ओडीएफ प्लस बनने के लिए सभी उपाय करने को लेकर संकल्प पारित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए अच्छा काम करने वाले स्वच्छता सैनिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

वहीं, जलशक्ति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अरुण बरोका ने राज्यों को पत्र लिखकर जानकारी दी कि स्थायित्व व सुजलाम अभियान में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) 15वें वित्त आयोग से मिले फंड और मनरेगा फंड का इस्तेमाल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *