जयपुर। राजस्थान में अब लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाना है तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। लंबी लाइन में लग घंटों इंतजार भी नहीं करना होगा। प्रदेशवासियों को अब लर्नर लाइसेंस बनाने के लिए परिवहन कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। अब घर से भी मोबाइल, लैपटॉप या डेस्कटॉप के जरिए लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के साथ-साथ टेस्ट देने की सुविधा भी मिलेगी। साथ ही टेस्ट में पास होते ही लाइसेंस सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकेगा। हालांकि लर्नर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन कर टेस्ट देने की सुविधा पूर्व के अनुसार परिवहन कार्यालय में भी यथावत रहेगी। लर्निंग लाइसेंस बनाने से पहले भी एक वीडियो के जरिए यह बताया जाएगा कि गाड़ी चलाते समय कौनसे नियमों का पालन करना है। इसके बाद एक ऑनलाइन टेस्ट होगा। यदि इसमें 20 में से 12 प्रश्न का सही जवाब दे पाते हैं तो लर्निंग लाइसेंस के लिए अप्लाई कर सकेंगे।
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि विभाग द्वारा गुरूवार से यह सुविधा शुरू कर दी गई है। इस सुविधा से आवेदकों कतार में नहीं लगना पड़ेगा, और समय की बचत भी होगी। एक लाइसेंस बनाने में लगभग 20 मिनट का समय लगेगा। हालांकि लर्नर के बाद स्थाई लाइसेंस के लिए नजदीकी परिवहन कार्यालय जाना पड़ेगा। खाचरियावास ने बताया कि इस सेवा के ऑनलाइन होने के बाद आवेदक घर बैठे किसी भी समय लर्नर लाइसेंस के लिए ऑनलाइन टेस्ट दे सकता है। टेस्ट में पास होने के बाद प्रिंटर के जरिए ।4 साइज पेपर पर लाइसेंस का प्रिंट निकाल सकता हैं।
घर बैठे लर्नर लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया
- राजस्थान के परिवहन आयुक्त महेंद्र सोनी ने बताया कि राजस्थान का कोई भी नागरिक https://parivahan.gov.in/parivahan/ पर जाकर ऑनलाइन लर्नर लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकता है। जिसमें ऑनलाइन सर्विसेज-ड्राइविंग लाइसेंस रिलेटेड सर्विसेज-अप्लाई फॉर लर्नर लाइसेंस-कंटिन्यू-एप्लिकेंट डज नॉट होल्ड ड्राइविंग/ लर्नर लाइसेंस के बाद सब्मिट करना होगा। इसके बाद आधार नंबर सबमिट करना होगा।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड आयेगा। जिससे आधारकार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, घर का पता और अन्य जानकारीअपने आप ही आवेदन में भर जायेगी।
- लर्नर लाइसेंस की फीस जमा कराने की विकल्प मिलेगा। फीस जमा होने के बाद 12 मिनट का एक वीडियो देखना होगा। इसमें यातायात नियमों की पालना संबंधित जानकारी होगी।
- वीडियो पूरा पूरा होने के बाद मोबाइल पर मैसेज के जरिए आवेदन नंबर और पासवर्ड प्राप्त होगा। उससे ही ऑनलाइन टेस्ट दिया जा सकेगा।
- इस टेस्ट में 20 प्रश्न होंगे, जिनमें से 12 सही करने पर ही पास होंगे। ये 20 प्रश्न हर आवेदकों के पास अलग-अलग आयेंगे। इसके बाद आवेदक OTP के जरिए लर्नर लाइसेंस डाउनलोड कर सकते हैं।
- ऑनलाइन लर्निंग प्रक्रिया में अगर किसी आवेदक को आधार कार्ड में लिखें एड्रेस के अनुरूप आवेदन नहीं करता है तो उसे जन्मतिथि, घर का पता जैसे दस्तावेजों को अपलोड करना होगा। इसके साथ ही उसे दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मूल दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे। जिसके बाद आवेदक ऑनलाइन टेस्ट दे सकेगा।
- लर्नर लाइसेंस ऑनलाइन आवेदन में दोनों ही प्रक्रिया के दौरान आवेदक की फोटो आधार कार्ड से ही ली जाएगी।
मिलेगा 7 दिन का समय, फीस पूर्व की भांति ही
आवेदक को दोनों ही विकल्प में आईडी-पासवर्ड प्राप्त होने की तिथि से 7 दिन के अंदर ही टेस्ट देना होगा। ऎसा नहीं करने पर आवेदक को फिर से परीक्षा फीस जमा करानी होगी। उल्लेखनीय है कि इस सुविधा के लिए भी पूर्व के अनुसार ही फीस जमा होगी। इसमें एक श्रेणी के लिए 200 रूपये और दो श्रेणी के लिए 350 रूपये जमा होगी।
